Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बुधवार शाम उस समय हलचल तेज हो गई, जब राज्य के सभी मंत्रियों को रात 9 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने का संदेश भेजा गया। अचानक बुलाई गई इस बैठक के बाद कई मंत्रियों ने अपने दौरे और निर्धारित कार्यक्रम बीच में छोड़कर राजधानी रायपुर का रुख किया।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों को महत्वपूर्ण चर्चा के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन इसे सरकार और संगठन से जुड़े अहम मुद्दों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक कई मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में कार्यक्रमों में व्यस्त थे, लेकिन देर शाम उन्हें तत्काल रायपुर पहुंचने के निर्देश मिले। मंत्री राजेश अग्रवाल उदयपुर से सीधे रायपुर पहुंचे, जबकि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एमसीबी जिले में आयोजित कार्यक्रम को बीच में छोड़कर राजधानी के लिए रवाना हो गए।
बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि बैठक में आगामी प्रशासनिक फैसलों, संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभा सत्र की तैयारियों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
इसके साथ ही राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल की अटकलें भी तेज हो गई हैं। हालांकि सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल सभी की निगाहें मुख्यमंत्री निवास में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बैठक के बाद सरकार की आगामी रणनीति और संभावित फैसलों की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।


















