ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

व्हाट्सएप पर मिला टिकट नहीं आया काम, यात्री को भरना पड़ा जुर्माना

रायपुर। डिजिटल टिकटिंग के बढ़ते उपयोग के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को ऑनलाइन टिकट संबंधी नियमों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी है। हाल ही में एक यात्री को व्हाट्सएप पर प्राप्त टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर यात्रा करने पर जुर्माना भरना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, कोरबा से रायपुर की यात्रा कर रही एक महिला यात्री ने टिकट जांच के दौरान टिकट न होने पर अपने भाई से संपर्क किया। भाई ने रेलवन एप के माध्यम से कोरबा से रायपुर तक का अनारक्षित टिकट बनाकर उसका स्क्रीनशॉट व्हाट्सएप से भेज दिया। यात्री को लगा कि स्क्रीनशॉट दिखाने से यात्रा वैध हो जाएगी, लेकिन रेलवे नियमों के तहत ऐसा संभव नहीं था।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गाड़ी संख्या 18517 कोरबा–विशाखापत्तनम लिंक एक्सप्रेस कोरबा स्टेशन से शाम 4:10 बजे रवाना हो चुकी थी। टिकट जांच के दौरान प्रस्तुत टिकट की जांच में पाया गया कि टिकट शाम 4:45 बजे जारी किया गया था और उसे केवल व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट के रूप में दिखाया जा रहा था। रेलवे के नियमों के अनुसार स्क्रीनशॉट या किसी अन्य माध्यम से प्राप्त टिकट की प्रति वैध यात्रा प्राधिकार नहीं मानी जाती। इसके चलते टिकट जांच कर्मचारी ने टिकट को अमान्य घोषित करते हुए नियमानुसार जुर्माना वसूल किया।

पूछताछ में यात्री ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि रेलवन एपसे बुक किया गया अनारक्षित टिकट उसी मोबाइल फोन में उपलब्ध होना चाहिए, जिसमें ऐप पंजीकृत हो और जिससे टिकट बनाया गया हो। केवल व्हाट्सएप, स्क्रीनशॉट या फॉरवर्ड की गई कॉपी दिखाकर यात्रा करना मान्य नहीं है।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले ही वैध टिकट ले लें और डिजिटल टिकट का उपयोग करते समय निर्धारित नियमों का पालन करें। रेलवन एपसे टिकट बुक करने पर संबंधित मोबाइल फोन यात्रा के दौरान साथ रखना आवश्यक है। साथ ही टिकट जांच के समय डिजिटल टिकट दिखाने के लिए मोबाइल का चार्ज रहना भी यात्री की जिम्मेदारी है।

न्यूनतम जुर्माना बढ़कर हुआ 500

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यह भी बताया कि 19 जून 2026 से बिना उचित टिकट अथवा अनियमित टिकट के यात्रा करने पर न्यूनतम जुर्माना ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट सुनिश्चित करें और डिजिटल टिकट संबंधी नियमों की जानकारी रखकर अनावश्यक जुर्माने और परेशानी से बचें।

What's your reaction?

Related Posts