रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हुई बारिश के बाद मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले तीन दिनों से बारिश में कमी आने के कारण राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में उमस बढ़ गई है। शुक्रवार को रायपुर में दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। इससे लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह 78 प्रतिशत और शाम को 56 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। शहर में करीब पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने के कारण मानसून की सक्रियता में अस्थायी कमी आई है। हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही। रघुनाथनगर, कुसमी और बड़ेबचेली में सर्वाधिक 50 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सरोना में 40 मिमी तथा कोरबा, बैकुंठपुर, लैलूंगा, शंकरगढ़, मुंगेली और प्रेमनगर सहित कई क्षेत्रों में 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बिलासपुर में 19 मिमी, पेंड्रारोड में 8 मिमी, अंबिकापुर और जगदलपुर में 13-13 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में आसमान मेघमय रहेगा और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों के बाद मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा वज्रपात के समय आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


















