रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पास चलती ट्रेन में कानून को हाथ में लेने और रोंगटे खड़े कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशनों के बीच आजाद हिंद एक्सप्रेस में चोरी के आरोपी एक युवक को चलती ट्रेन के पायदान से लात मारकर नीचे गिराने की कोशिश की गई। इस खौफनाक मंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और शासकीय रेल पुलिस (GRP) हरकत में आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित सह आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया है, वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल संदेही चोर अब भी फरार है।
वारदात की पूरी कहानी: चोरी से शुरू हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
घटना ट्रेन नंबर 12129 आजाद हिंद एक्सप्रेस की है। ट्रेन जब रायपुर के उरकुरा और मांढ़र स्टेशन के बीच (किलोमीटर नंबर 819/27) से गुजर रही थी, तभी एक अज्ञात युवक ने एक यात्री का बैग और मोबाइल पार कर दिया। चोरी की भनक लगते ही यात्री जाग गया।
खुद को घिरता देख चोर ने चलती ट्रेन से कूदने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी। डर के मारे चोर कोच के सबसे निचले पायदान पर लटक गया। इसी दौरान, जिस यात्री का सामान चोरी हुआ था, वह गुस्से में दरवाजे पर पहुंच गया।

वायरल वीडियो: मौत के मुहाने पर लटका चोर, ऊपर से बरसती लातें
दूसरी बोगी में सफर कर रहे एक अन्य मुसाफिर ने इस खौफनाक मंजर का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मैरून टी-शर्ट, काली फुल पैंट और सफेद जूते पहना एक यात्री दरवाजे पर खड़ा है। वह नीचे पायदान पर जान जोखिम में डालकर लटके चोर पर पहले हाथ से थप्पड़ मारने की कोशिश करता है और फिर पूरी ताकत से उसके सिर पर ताबड़तोड़ लात मारता है।
चश्मदीदों के मुताबिक: लात लगने के बाद चोर का संतुलन बिगड़ जाता है और जैसे ही ट्रेन थोड़ी धीमी होती है, वह नीचे गिर जाता है। बताया जा रहा है कि गिरने की वजह से वह बुरी तरह जख्मी हुआ है। शुरुआती इनपुट के अनुसार, वह बांग्ला भाषा में बात कर रहा था।
जांजगीर-चांपा में दबोचा गया यात्री, रायपुर में FIR दर्ज
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। आरपीएफ ने तुरंत तफ्तीश शुरू की और आरोपी यात्री को जांजगीर-चांपा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे रायपुर लाया गया, जहां जीआरपी थाना में उससे कड़ी पूछताछ की गई।
पुलिसिया कार्रवाई: जीआरपी उप-निरीक्षक भूपेश राठौर के बयान पर केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाना रायपुर में पदस्थ उप-निरीक्षक (SI) भूपेश राठौर की शिकायत पर अज्ञात आरोपी यात्री (आर. सुरेश कुमार व अन्य तथ्यों के आधार पर) के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
जीआरपी के अनुसार:
- प्रथम दृष्टया, वीडियो में ट्रेन के पायदान पर लटके युवक को पैर से लात मारकर नीचे गिराने और उसकी जान जोखिम में डालने का प्रयास साफ दिख रहा है।
- इस कृत्य के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
- पुलिस अब ट्रेन से गिरे उस अज्ञात घायल युवक (चोर) की तलाश कर रही है, ताकि उसका बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
कानून हाथ में लेने पर फंसे यात्री
इस घटना ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा और चलती ट्रेनों में अपराधों को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि मोबाइल और बैग चोरी होने पर यात्री का गुस्सा लाजिमी था, लेकिन कानून को हाथ में लेकर किसी को चलती ट्रेन से नीचे गिराने की कोशिश ने उसे खुद सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। फिलहाल जीआरपी रायपुर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


















