भिलाईनगर। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में मजदूर महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।
सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि 16 जुलाई को मजदूरी करने वाली महिला भगवंतीन साहू रोज की तरह घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया, जहां परिजनों ने उसकी पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, चेहरे और हाथों पर गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 350 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही स्थानीय लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस का संदेह हर्ष यादव (19) निवासी पीसेगांव और नितेश ठाकुर (20) निवासी चंदखुरी पर गया। हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे शराब के नशे में बाइक से घूम रहे थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई। दोनों उसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास सुनसान इलाके में ले गए। वहां महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपियों ने पहले उसका गला दबाया और बाद में बड़े पत्थर से सिर व चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के पास पैसे नहीं थे। उन्होंने घटना से पहले अपना मोबाइल दो हजार रुपये में बेच दिया था। बाद में मोटरसाइकिल खराब होने पर दोनों पैदल घूमते हुए महिला के संपर्क में आए। हत्या के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने अपने कपड़े बदल दिए और सबूत छिपाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है।


















