ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़अपराध

रायपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में महिला और अधेड़ ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग आत्महत्या की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। एक ओर नवविवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं दूसरी घटना में एक अधेड़ व्यक्ति ने अपने घर की छत पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पति ड्यूटी से लौटा तो फंदे पर लटकी मिली पत्नी

पहली घटना खमतराई थाना क्षेत्र के रामेश्वरनगर, भनपुरी की है। यहां 24 वर्षीय दुर्गा साहू ने शनिवार रात अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतका अपने पति कार्तिक साहू के साथ रहती थी, जो पेशे से ड्राइवर है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कार्तिक साहू ने पत्नी से मायके चले जाने की बात कही और काम पर निकल गया। दोपहर में दोनों की फोन पर बातचीत भी हुई थी।

रात करीब साढ़े आठ बजे जब कार्तिक घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर उसने पत्नी को दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया।

चूंकि मृतका नवविवाहिता थी, इसलिए कार्यपालिक दंडाधिकारी तथा मायके और ससुराल पक्ष की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

नशे की हालत में रहने वाले अधेड़ ने भी लगाई फांसी

दूसरी घटना भी रामेश्वरनगर इलाके की है। गुरुदेव आटा चक्की के पास रहने वाले 54 वर्षीय ठाकुरराम साहू ने शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात अपने मकान की छत पर नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

रविवार सुबह उनकी पुत्री प्राची साहू छत पर गई तो पिता का शव फंदे से लटका मिला। उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद करता था। शनिवार रात भी वह शराब के नशे में था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ठाकुरराम पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।

खमतराई पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

What's your reaction?

Related Posts