रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 10 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। विशेष रूप से सरगुजा संभाग और उससे लगे उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
पेंड्रा में उफनते नाले को पार करते हुए एक वृद्ध बाइक के साथ बह गया।
पेंड्रा में रुक रुकर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। खोडरी इलाक़े में सड़क के ऊपर नाले का पानी बहने के दौरान बाइक सहित बुजुर्ग बहाने से बच गया। पूरा मामला खोडरी से बढ़ावनढांड पीपरखूंटी रोड का बताया जा रहा है।
बलरामपुर में मूसलाधार बारिश में ढही पुलिया
बलरामपुर में मूसलाधार बारिश में पुलिया ढह गई। जानकारी के अनुसार देवसराखुर्द-लुंड्रा मार्ग पर बनी पुलिया टूट गई। जिसके बाद आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। बारिश के चलते दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को कई किमी का चक्कर लगाकर आना पड़ा। ग्रामीणों ने नए पुल की मांग की है। हालांकि प्रशासन ने वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था की है।
रायपुर और मुंगेली में भारी बारिश
बीते 24 घंटों की बात करें प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हुई। राजधानी रायपुर सहित मुंगेली जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।
पसरहा पारा बना टापू
रविवार 9 अगस्त को हुई झमाझम बारिश से मुंगेली के लोरमी ब्लॉक में भारी बारिश से पसरहा पारा टापू में बदल गया। करीब 200 लोग 24 घंटे तक फंसे रहे। SDRF ने नावों की मदद से 10 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित राहत शिविर पहुंचाया।


















