छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार 14 अगस्त 2026 को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। इसी वजह से राज्य में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आज बिलासपुर और सरगुजा संभाग में ज्यादातर प्रभाव दिखेगा. भारी वर्षा होने को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया गया है. वहीं रायगढ़, सारंगढ़, बिलाईगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा इन जगहों के साथ ही इससे लगे हुए क्षेत्र में एक दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है. शुक्रवार और शनिवार को रायपुर सहित एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है. अगले तीन दिनों के बाद मानसून की एक्टिविटी कम होने की संभावना है.
रायपुर में मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक रायपुर में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. बादलों और बारिश के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की उम्मीद नहीं है.
मौसम विभाग की लोगों से अपील
बस्तर और सरगुजा संभाग में तेज बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रुप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वालों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्तानों पर रहने की सलाह दी गई है.


















