ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

रहेजा रेसीडेंसल सहित 4 डिफॉल्टरों पर निगम का एक्शन, व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर बकाया राजस्व की वसूली के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई बल्क नल कनेक्शन विच्छेद किए और व्यवसायिक परिसरों को सीलबंद किया।

नगर निगम के अनुसार, जोन-9 की राजस्व टीम ने बकाया कर और शुल्क जमा नहीं करने वाले चार बकायेदारों के बल्क नल कनेक्शन काट दिए, जबकि दो बकायेदारों के व्यवसायिक परिसरों को सीलबंद किया गया। वहीं जोन-7 में भी एक बकायेदार के व्यवसायिक परिसर पर सीलबंदी की कार्रवाई की गई।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

जोन-9 में यह कार्रवाई उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी नरेंद्र कुमार नायक, राजस्व निरीक्षक इस्माइल खान और सहायक राजस्व निरीक्षक लोकेश पाटले मौजूद रहे। राजस्व अधिकारियों ने बकायेदारों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के लिए कहा था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

राजस्व टीम ने रहेजा स्काई स्कैप्स रेसिडेंशियल सहकारी संस्था मर्यादित पर 3 लाख 23 हजार 190 रुपए की बकाया राशि जमा नहीं करने पर बल्क नल कनेक्शन काट दिया. इसी संस्था के एक अन्य प्रकरण में 4 लाख 74 हजार 26 रुपए बकाया होने पर भी बल्क नल कनेक्शन विच्छेद किया गया.

इसी तरह वार्ड-8 क्षेत्र में विश्वभारती बिल्ड (VISHWA BHARATI) के कंडवारा निवासी योगेश अग्रवाल (Yogesh Agrawal) द्वारा वर्ष 2017-18 से बकाया राशि जमा नहीं करने पर बल्क नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई. वहीं, कीर्ति नचरानी पर 1 लाख 4 हजार 76 रुपए की बकाया राशि होने पर व्यवसायिक परिसर सीलबंद किया गया. पवन कुमार अग्रवाल द्वारा 20 हजार 984 रुपए की बकाया राशि जमा नहीं करने पर उनके व्यवसायिक परिसर में ताला लगाकर सीलबंदी की गई.

जोन-7 में भी सीलबंदी

इधर, नगर निगम जोन-7 के राजस्व विभाग ने जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक 22 के आमानाका क्षेत्र में कार्रवाई की. यहां वर्ष 2022-23 से 1 लाख 5 हजार 676 रुपए की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले मोहम्मद हुसैन के व्यवसायिक परिसर में ताला लगाकर उसे सीलबंद कर दिया गया. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर एवं अन्य राजस्व की राशि समय पर जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

What's your reaction?

Related Posts