छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार महिलाओं के लिए विशेष ई-बस सेवा शुरू करने की योजना बना रही है। यह सेवा प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू की जाएगी।
महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित सफर का विकल्प
राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाना है। विशेष ई-बस सेवा शुरू होने से महिलाओं को रोजाना आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।ई-बसों के संचालन से महिलाओं को आरामदायक और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने में भी मदद मिलेगी।
महिलाओं के लिए प्रस्तावित ई-बस सेवा को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना से जोड़ा गया है। राज्य सरकार की योजना के लागू होने के बाद प्रदेश की महिलाओं को सफर के लिए अतिरिक्त सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा।
अधिकारियों ने की बैठक
योजना को बेहतर तरीके से लागू करने को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों के साथ बैठक की. बठक में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान ई-बस सेवा को लेकर अब तक की तैयारियों की जानकारी ली गई.
महिलाओं के लिए तय होंगे जरूरी रूट
बैठक में महिलाओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बसों के रूट तय करने पर चर्चा हुई. ऐसे मार्गों को प्राथमिकता देने पर विचार किया गया, जहां महिलाओं को आने-जाने में ज्यादा सुविधा मिल सके. बसों के संचालन का तरीका भी यात्रियों की सुविधा के अनुसार रखने की तैयारी है.
चार शहरों में 240 बसें
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश के चार नगर निगमों के लिए 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है. ये बसें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा शहरों में चलेंगी. इससे इन शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
रूट और बस स्टॉप पर चर्चा
बैठक में बसों के रूट प्लान, बस स्टॉप और डिपो की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई. इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के लिए जरूरी चार्जिंग स्टेशन तैयार करने की योजना पर अधिकारियों ने विचार किया है.
शहरों में बेहतर होगी परिवहन सुविधा
ई-बस सेवा शुरू होने से चारों शहरों में लोगों को आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. खासतौर पर महिलाओं के लिए सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रूट और संचालन व्यवस्था तैयार की जाएगी. योजना के तहत आगे की तैयारियों को जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है.


















