बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन का ज्वैलरी ब्रांड GIVA का रक्षा बंधन से जुड़ा विज्ञापन विवादों में आने के बाद सोशल मीडिया से हटा दिया गया है। विज्ञापन सामने आने के बाद कृति सेनन को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। दरअसल, GIVA की ओर से रक्षा बंधन के मौके पर यह विज्ञापन जारी किया गया था। विज्ञापन में ज्वैलरी ब्रांड के प्रोडक्ट को प्रमोट किया गया, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान कृति के आउटफिट पर ज्यादा गया। कुछ यूजर्स ने उनके कपड़ों को लेकर आपत्ति जताई और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। इसके बाद विज्ञापन को लेकर विवाद बढ़ गया। इस विवाद में बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने भी कृति सेनन के विज्ञापन में पहने गए आउटफिट की आलोचना की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एड को लेकर अपनी आपत्ति जताई।
GIVA ने पोस्ट में क्या लिखा?
बुधवार को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक बयान में ब्रांड ने कहा, ‘हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं। एक ब्रांड के तौर पर, हम हमेशा पूरे परिवार के साथ इन खुशियों भरे पलों को मनाने में विश्वास रखते हैं और इस बार हम अपने पालतू जानवरों तक भी यह प्यार और जश्न पहुंचाना चाहते थे। अगर हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के कुछ वर्गों की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हमारा ऐसा कोई इरादा बिल्कुल नहीं था। सम्मान के तौर पर, हमने उस विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है। इस त्योहार के मौसम में आप सभी को ढेर सारा प्यार और पॉजिटिविटी मिले।’
राखी की एड का विरोध क्यों हुआ?
यह विज्ञापन 20 जुलाई को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। इसके बाद से ही कमेंट सेक्शन में लोग इस पर आपत्ति जताने लगे थे। कई यूजर्स ने विज्ञापन में कृति के कपड़ों को लेकर सवाल उठाए। एक यूजर ने कमेंट किया, ‘बिकिनी पहनकर भाई को राखी कौन बांधता है?’ वहीं, कुछ लोगों ने इसे हिंदू परंपराओं का मजाक उड़ाने वाला विज्ञापन बताया। एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘अलग-अलग तरह के कपड़े पहनना ठीक है, लेकिन हिंदू त्योहार पर नहीं। मैं इस विज्ञापन से बिल्कुल सहमत नहीं हूं।’
कंगना रनौत ने इस एड पर क्या कहा था?
इस विवाद में कंगना रनौत ने भी कृति सेनन का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा था। उन्होंने लिखा था, ‘हमारी अलमारियां तरह-तरह के कपड़ों से भरी हैं, आज की महिला ग्लोबल महिला है। कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से लेकर साड़ी, बिकिनी से लेकर सलवार-कमीज तक, आज हमारे पास इतने सारे ऑप्शन हैं, तो फिर आप बिकिनी/अंडरगारमेंट्स पहनकर अपने भाई को राखी क्यों बांधेंगी? आपके स्टाइलिंग ऑप्शन कहां गए? हा हा, यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब और डरावना लगता है!’
कृति सेनन ने दिया था जवाब
विज्ञापन को लेकर बढ़ते विवाद के बीच कृति सेनन ने भी ट्रोल करने वालों को जवाब दिया था। उन्होंने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा था, ‘त्योहारों का असली मतलब आपके पहने हुए कपड़ों में नहीं, बल्कि परंपराओं के प्रति आपकी भावनाओं और उनके महत्व में होता है। रक्षाबंधन सुरक्षा का बंधन है। मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधते हैं। हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की सुरक्षा वैसे ही कर सकते हैं जैसे कोई भाई करता। हम एक-दूसरे की सेहत, खुशी और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करते हैं। हम यह प्रार्थना और वादा हमारे डॉग्स के लिए भी करते हैं! आखिर, वे भी तो परिवार का हिस्सा हैं! साथ ही, हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? एथनिक फैशन में समय के साथ काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से ही आंका जाता है!! संस्कृति और परंपराएं उसके दिल में होती हैं, न कि उसके कपड़ों की नेकलाइन में!’


















