ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

निवेश में मुनाफे का झांसा देकर 19.50 लाख की ठगी का आरोप

 कोरबा : साइबर ठगी से बचने पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन लोग अब भी अलग-अलग तरीकों से धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। कुसमुंडा निवासी शुभम साहू ने निवेश में अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 19.50 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में निवेश कंपनी से जुड़े बताए जा रहे भरत लखवानी का पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायत के अनुसार, पड़ोसी भरत लखवानी अप्रैल 2025 में शुभम के घर आया और कोरबा के घंटाघर के पास अपनी कंपनी होने तथा लोगों की रकम शेयर बाजार में निवेश कराने की बात कही। सात अप्रैल को उसने 2.20 लाख रुपये नकद लिए। शुरुआत में निवेश पर कुछ राशि ब्याज के रूप में लौटाई गई, जिससे शुभम का भरोसा बढ़ गया।

इसके बाद उसने परिचितों और दोस्तों से रकम जुटाकर लखवानी को दी। अप्रैल से जुलाई 2025 के बीच कुल 19.50 लाख रुपये का लेन-देन होने का दावा है। शुभम ने आरोप लगाया कि निवेश के नाम पर लखवानी ने बैंक खाता नंबर और पिन भी लिया और खाते से कई लेन-देन किए। बाद में कार्यालय बंद कर दिया गया। रकम वापस मांगने पर टालमटोल की गई और फिर फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कथित ठगी की रकम की जांच, बैंक लेन-देन की पड़ताल और आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

What's your reaction?

Related Posts