शिक्षक दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के दो शिक्षकों को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इनमें अंबिकापुर के गांधीनगर स्थित शासकीय स्कूल की हेड मास्टर रेखा राय भी शामिल हैं। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य और बच्चों के लिए किए जा रहे नवाचारों के चलते उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है। रेखा राय लंबे समय से बच्चों को आसान और सरल तरीके से शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही हैं। उनका जोर पारंपरिक पढ़ाई के साथ ऐसे तरीकों को अपनाने पर रहा है, जिससे बच्चे विषयों को आसानी से समझ सकें और पढ़ाई में उनकी रुचि बनी रहे।
बच्चों के लिए अपनाए कई नवाचार
रेखा राय ने स्कूल में बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और नवाचारों पर काम किया है। उनका प्रयास रहता है कि कठिन विषयों को भी बच्चों के स्तर और समझ के अनुरूप सरल तरीके से पढ़ाया जाए।
खास बात यह है कि वह अपने वेतन का हर महीने करीब 5 से 10 प्रतिशत हिस्सा स्कूल और बच्चों के हित में खर्च करती हैं. इस राशि का उपयोग स्कूल के विकास और बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में किया जाता है.
सरकारी स्कूल में 120 विद्यार्थी, शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर
रेखा राय के प्रयासों का असर स्कूल की शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ विद्यार्थियों की संख्या पर भी देखने को मिल रहा है. शहर के भीतर संचालित कई सरकारी स्कूलों में जहां विद्यार्थियों की संख्या कम हो रही है, वहीं गांधीनगर स्थित इस स्कूल में वर्तमान में करीब 120 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं.
रेखा राय का प्रयास है कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिले और उन्हें पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. इसके लिए वह स्कूल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही बच्चों को सरल तरीके से पढ़ाने पर विशेष ध्यान देती हैं.
पहले भी मिल चुका है मुख्यमंत्री गौरव अलंकार सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए रेखा राय को इससे पहले वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री गौरव अलंकार सम्मान भी मिल चुका है. अब शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा. वहीं, सरगुजा जिले के अजय कश्यप को भी शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा. जिले के दो शिक्षकों का राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयन होना सरगुजा के शिक्षा जगत के लिए गौरव की बात है.


















