ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

एनालॉग पनीर पर बैन से बढ़ी मुश्किलें, 40 रुपये तक महंगा हुआ पनीर; होटल-ढाबों में सप्लाई का संकट

एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद राजनांदगांव में अब असली पनीर की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। मांग के मुकाबले पनीर की आपूर्ति में करीब 60 प्रतिशत तक की कमी आने से बाजार में इसकी उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर होटल और ढाबों पर भी पड़ा है, जहां पनीर की शॉर्टेज की स्थिति बन गई है।

40 रुपये किलो तक बढ़े दाम

एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक के बाद बाजार में उपलब्ध असली दूध से बने पनीर की मांग बढ़ गई है। वहीं, पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण इसके दाम में करीब 40 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। दुकानदारों और कारोबारियों के मुताबिक, मांग बढ़ने के बावजूद बाजार में जरूरत के अनुसार पनीर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

होटल-ढाबों में पनीर की कमी

पनीर की सप्लाई घटने का असर सबसे ज्यादा होटल और ढाबा कारोबार पर दिखाई दे रहा है। यहां पनीर से बनने वाले व्यंजनों के लिए नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कारोबारियों को कम मात्रा में पनीर मिल रहा है, जिससे कई जगह शॉर्टेज की स्थिति बन गई है।

मांग के मुकाबले 60% कम आपूर्ति

कारोबारियों के अनुसार, एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद उपभोक्ताओं का रुख असली पनीर की ओर बढ़ा है। इससे मांग में इजाफा हुआ है, लेकिन उत्पादन और सप्लाई उसी अनुपात में नहीं बढ़ सकी। परिणामस्वरूप मांग की तुलना में करीब 60 प्रतिशत आपूर्ति कम हो गई है।

प्रतिबंध के बाद आपूर्ति में बाधा

राजनांदगांव में मांग के अनुरूप लगभग 60% पनीर की आपूर्ति एनालॉग पनीर से पूरी हो रही थी. यह पनीर स्थानीय स्तर पर बनने के अलावा महाराष्ट्र और बड़े पैमाने पर मध्य प्रदेश से सप्लाई होता था. सैकड़ों किलो पनीर सीधे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों में पहुंचता था. प्रतिबंध के बाद आपूर्ति रुक गई.

दुकानदारों को कार्रवाई का डर

जिले में पनीर की सबसे अधिक खपत होटल-ढाबों में है. एक दुकान से ही 20 किलो प्रतिदिन बिकता था, अब शॉर्टेज देखने को मिल रही है. दुकानदार अन्य राज्यों से आने वाला पनीर कार्रवाई के भय से नहीं ले रहे हैं. प्रतिबंध से पहले 90 रुपए पाव (250 ग्राम) मिलता था, अब 110 रुपए पाव हो गया है.

पनीर के लिए दूध की खपत बढ़ी

बड़े पैमाने पर दूसरे राज्यों से आने वाला एनालॉग पनीर बंद होने से स्थानीय पनीर शॉर्टेज है. पनीर के लिए दूध की खपत बढ़ी है. दूध आपूर्ति पूरी नहीं पड़ रही है. शहर की प्रमुख डेयरी में भैंस का दूध 60 से 66 रुपए और गाय का 50 से 56 रुपए हो गया है. 1 किलो पनीर के लिए लगभग 5 से 6 लीटर फुल क्रीम दूध लगता है, लागत लगभग 350 रुपए होती है. एनालॉग पनीर दूध पाउडर और पाम ऑयल से बनता है, जबकि असली पनीर दूध से बनाया जाता है. मिलावट रोकने के लिए सरकार ने एनालॉग को असली डेयरी पनीर के रूप में बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है.

What's your reaction?

Related Posts