सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को FIR दर्ज की है। FIR में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना (UBT) विधायक आदित्य ठाकरे का नाम भी शामिल है। इसके अलावा फिल्म अभिनेता डिनो मोरिया और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी FIR में दर्ज किए गए हैं।
दिशा सालियन की मौत का मामला लंबे समय से चर्चा में रहा है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने करीब दो सप्ताह पहले इस मामले की जांच CBI को सौंपने का निर्देश दिया था। इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने मामले में FIR दर्ज कर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।
FIR में गंभीर धाराओं का जिक्र
FIR में हत्या, गैंगरेप, आपराधिक साजिश, सबूत मिटाने और गलत जानकारी देने से संबंधित धाराओं का जिक्र किया गया है। हालांकि, FIR में किसी व्यक्ति का नाम शामिल होना अपने आप में अपराध साबित नहीं करता। आरोपों की पुष्टि जांच और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
सीबीआई की एफआईआर में कहा गया है, “तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और अन्य लोगों मामले को दबाने में अहम भूमिका निभाई। संबंधित सरकारी कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों की भी जांच की जानी चाहिए। उन पर केस के कागजात, फाइलें और अन्य रिकॉर्ड नष्ट करने के आरोप हैं। इसके अलावा रिकॉर्ड में हेरफेर करने और अपराधियों को बचाने के लिए सरकारी फंड और पुलिस मशीनरी का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है।”
एफआईआर में कई बड़े लोगों के नाम
CBI की FIR के अनुसार, आदित्य ठाकरे, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली, रिया चक्रवर्ती और पोस्टमार्टम में देरी के लिए जिम्मेदार डॉक्टर और स्टाफ की भूमिका की जांच जरूरी है। इससे पहले, केंद्रीय जांच एजेंसी ने जांच में मदद के लिए पुलिस को पत्र लिखकर दिशा सालियन की मौत से जुड़े सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड मांगे थे।
पिता ने सीबीआई के समक्ष दर्ज कराया बयान
दिशा सालियन के पिता सतीश सालियन ने अपनी बेटी की मौत की जांच के सिलसिले में CBI के सामने अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनके बेटे और शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे समेत कई लोगों ने साजिश रची और बाद में मामले को दबाने में अहम भूमिका निभाई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने 2 सितंबर को CBI जांच का आदेश दिशा सालियन के पिता की याचिका पर ही दिया। उन्होंने आरोप लगाया था कि जून 2020 में अपनी बेटी की मौत की जांच में मुंबई पुलिस ने लापरवाही बरती थी। कोर्ट ने छह साल तक FIR दर्ज न करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि पुलिस की जांच जवाबों से ज्यादा सवाल खड़े करती है।
आपको बता दें कि दिशा सालियन की 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी। इसके बाद अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाए गए थे। उस समय मुंबई पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद मचे हंगामे के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। एजेंसी ने बाद में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करते हुए कहा था कि राजपूत की मौत आत्महत्या से हुई थी। हालांकि, अदालत ने अभी इस रिपोर्ट पर सुनवाई नहीं की है।


















