ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

करोड़ों की ठगी के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में वॉश एंड वॉश और ब्लैक करेंसी के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार नौ आरोपियों के कब्जे से चार करोड़ रुपए से अधिक नकदी समेत 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेट और अन्य सामग्री जब्त की थी। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 2 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 330/26, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के मामले की वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार जांच की जा रही है। पूर्व में कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय, दीपिका पॉलीवाल, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेंद्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित को गिरफ्तार किया गया था।

मोबाइल की जांच से मिले अहम सुराग

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, उनके आपसी संपर्क और ठगी में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई। आरोपियों के मोबाइल फोन और उनमें मौजूद डिजिटल सामग्री का तकनीकी परीक्षण भी किया गया। इसी जांच में रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह और दीपक सिंह की मामले में संलिप्तता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के हाथ लगी।

डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद दोनों को लोकेट कर गिरफ्तार किया गया। दोनों से मामले में उनकी भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

मुंबई के पालघर जिले के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपियों में रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39) निवासी रुस्तमजी ग्लोबल सिटी, विरार वेस्ट, जिला पालघर, मुंबई और दीपक सिंह (46) निवासी रोज गार्डन बिल्डिंग, मीरा रोड, थाना काशीमीरा, जिला पालघर, मुंबई शामिल हैं।

What's your reaction?

Related Posts