छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच सरकार ने चार्जिंग सुविधाओं का नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य में पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत नगर निगम क्षेत्रों में दोपहिया और चारपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 25 से 30 नए EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को आसानी से चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराना है। नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए स्थानों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
नगर निगम क्षेत्रों में बढ़ेगा चार्जिंग नेटवर्क
राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में चार्जिंग स्टेशन की उपलब्धता को लेकर भी जरूरत बढ़ रही है। नए स्टेशन बनने के बाद वाहन चालकों को चार्जिंग के लिए दूर के स्थानों पर जाने की जरूरत कम होगी। पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत शुरू की जा रही इस पहल से शहरी क्षेत्रों में EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना है। दोपहिया और चारपहिया दोनों तरह के इलेक्ट्रिक वाहनों को इन स्टेशनों का लाभ मिल सकेगा। सरकार ने चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान शुरू कर दी है। स्थानों का चयन पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
25KM पर चार्जिंग सेंटर बनाए जाएंगे
सरकार ने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए काम शुरू कर दिया है. नए EV चार्जिंग सेंटर खोलने के लिए जमीनों और सड़कों का चयन किया जा रहा है. इसके तहत हाईवे और मुख्य सड़कों पर हर 25 किलोमीटर की दूरी पर एक चार्जिंग सेंटर बनाया जाएगा. वहीं सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर कोई सड़क 30 मीटर से कम चौड़ी है, तो वहां चार्जिंग स्टेशन स्थापित नहीं किए जाएंगे. इसके अलावा, शहरों में जरूरत के हिसाब से सक्षम प्राधिकारी के मंजूरी के बाद ही चार्जिंग पॉइंट लगाए जा सकेंगे.
छत्तीसगढ़ में नई EV चार्जिंग नियम
इसके तहत हर चार्जिंग पॉइंट पर दो चार्जर उपलब्ध होंगे, जिससे एक साथ दो गाड़ियां चार्ज हो सकेंगी. लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों के लिए हर 100 किलोमीटर पर हाई-स्पीड चार्जिंग की व्यवस्था की गई है. इस सुविधा को लागू करने के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग ने ‘छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम, 1984’ में जरूरी बदलाव किए हैं, जिसकी ऑफिशियल अधिसूचना भी जारी हो चुका है. इन नए नियमों में CNG स्टेशनों और बड़ी इमारतों में बेहतर इंटरनेट सुविधाएं देना भी अनिवार्य कर दिया गया है.
चार्जिंग स्टेशन के लिए सुरक्षा और जगह के नियम
चार्जिंग सेंटर को चालू करने से पहले फायर ब्रिगेड और सुरक्षा विभाग से NOC लेना अनिवार्य होगा. इसके साथ ही स्टेशन के सभी सामानों को सुरक्षा के तय नियमों के अनुसार ही लगाना होगा. जो कंपनी यह सुविधा देगी उसे वहां 24 घंटे बिजली और मीटर की व्यवस्था रखनी होगी.


















