छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का 42वां स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए रायपुर को चुना जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। समारोह का आयोजन शहर के रेलवे वर्कशॉप ग्राउंड में किया जा रहा है।
कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही रेलवे वर्कशॉप ग्राउंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के जरिए रायपुर एक बार फिर रेलवे सुरक्षा बल के महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है।
RPF की कार्यकुशलता देखने को मिलेगी
कार्यक्रम में आरपीएफ का अनुशासन, साहस और कार्यकुशलता देखने को मिलेगी. समारोह की शुरुआत भव्य परेड से होगी. परेड में आरपीएफ की विभिन्न टुकड़ियां कदम से कदम मिलाकर मार्च करेंगी. इसमें महिला दस्ता विशेष आकर्षण का केंद्र होगा. इसके अलावा कमांडो टीम CORAS, डॉग स्क्वॉड और सेगवे दस्ता भी अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे. इन दस्तों को देखकर उपस्थित लोगों को आरपीएफ की ताकत का अंदाजा लगेगा.
महानिदेशक सोनाली मिश्रा होंगी मुख्य अतिथि
बताते चलें कि, इस समारोह में RPF की महानिदेशक सोनाली मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. उनके साथ रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारी और छत्तीसगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. महानिदेशक परेड की सलामी लेंगी और जवानों को संबोधित करेंगी.
जवानों को प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित किया जाएगा
स्थापना दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए आरपीएफ के अधिकारियों और जवानों को प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित किया जाएगा. इस वर्ष कुल 3 अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और 30 अधिकारियों व जवानों को पुलिस पदक दिया जाएगा. गौरतलब है कि, कार्यक्रम में एक विशेष सम्मान भी दिया जाएगा. साल 2024 में एक रेल यात्री की जान बचाने वाले आरपीएफ जवान को जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया जाएगा. जवान ने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्री की जान बचाई थी.


















