ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

रेल मंत्रालय की हरी झंडी, रायपुर से रावघाट और कुरुद तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी

छत्तीसगढ़ में रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। रेल मंत्रालय ने रायपुर से रावघाट के बीच एक और रायपुर से कुरुद के बीच दो नई मेमू ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी दी है। इन ट्रेनों के शुरू होने से रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित आवागमन करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे संबंधित रेल मार्गों पर यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।

 रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच नई ट्रेनें शुरू करने का आग्रह किया था. रेल मंत्री ने पत्र के माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी देते हुए बताया कि रेल मंत्रालय ने तीनों रेलगाड़ियों के परिचालन को मंजूरी दे दी है.

 रेल मंत्रालय से विस्तार न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर-रावघाट मेमू ट्रेन को गाड़ी संख्या 68768/68769, जबकि रायपुर-कुरुद मार्ग पर चलने वाली दो मेमू ट्रेनों को गाड़ी संख्या 68772/68771 और 68774/68773 आवंटित की गई हैं. इन नई रेल सेवाओं से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की संभावना है. नियमित यात्रियों को सड़क मार्ग पर निर्भरता कम करने और समय की बचत करने में भी मदद मिल सकती है.

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई रेल सेवाओं को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यात्री सुविधाओं का विस्तार और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है.

What's your reaction?

Related Posts