रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से देश की राजधानी दिल्ली और कोलकाता के लिए हवाई सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है, यह सेवा 30 मार्च से मां महामाया एयरपोर्ट से संचालित की जाएगी। लंबे समय से इंतजार कर रहे सरगुजा संभाग के यात्रियों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है। इस हवाई सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 मार्च को सुबह 10 बजे वर्चुअल माध्यम से करेंगे। एयरलाइन ने टिकट बुकिंग शुरू कर दी है, जिसका किराया लगभग 6000 से 7000 रुपये तक बताया जा रहा है।
सप्ताह में चार दिन उड़ान
अंबिकापुर–दिल्ली फ्लाइट: सोमवार और बुधवार (बिलासपुर होते हुए)
अंबिकापुर–कोलकाता फ्लाइट: गुरुवार और शनिवार (बिलासपुर होते हुए)
पहली उड़ान दोपहर 12 बजे
30 मार्च को पहली फ्लाइट दोपहर 12 बजे अंबिकापुर से रवाना होकर करीब 2:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस रूट पर 72 सीटर एटीआर विमान का संचालन किया जाएगा।
एयरपोर्ट का हुआ विस्तार
अंबिकापुर के दरिमा स्थित इस एयरपोर्ट का इतिहास 1950 से जुड़ा है। हाल ही में रनवे की लंबाई बढ़ाकर 1800 मीटर कर दी गई है, जिससे बड़े विमानों का संचालन संभव हो पाया है।
पहले भी शुरू हुई थी सेवा
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में फ्लाइबीग ने रायपुर और बिलासपुर के लिए उड़ान सेवा शुरू की थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद यह सेवा बंद हो गई थी। नई उड़ानों के शुरू होने से सरगुजा संभाग के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और यात्रा का समय भी काफी कम होगा।



















