Sunetra Pawar Deputy CM: महाराष्ट्र में राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान हादसे में निधन हो गया है. उनके जाने के बाद राज्य सरकार के कई अहम विभाग खाली हो गए हैं. इनमें वित्त, योजना, उत्पाद शुल्क, खेल और युवा कल्याण (अतिरिक्त प्रभार), अल्पसंख्यक विकास और औकाफ (अतिरिक्त प्रभार) जैसे विभाग शामिल हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही था कि अब इन जिम्मेदारियों को कौन संभालेगा.
सीएम से हुई बैठक, तस्वीर साफ
शुक्रवार को एनसीपी के तीन वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. इस बैठक के बाद स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है. जानकारी के मुताबिक, अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार आज शाम 5 बजे डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं. शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के राजभवन में होगा. सुनेत्रा पवार फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं.

राज्यसभा सीट होगी खाली
डिप्टी सीएम बनने के बाद सुनेत्रा पवार की राज्यसभा सीट खाली हो जाएगी. सूत्रों की मानें तो इस सीट से उनके बड़े बेटे पार्थ पवार को राज्यसभा भेजा जा सकता है. हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.
बारामती से लड़ना होगा उपचुनाव
डिप्टी सीएम बनने के बाद सुनेत्रा पवार को बारामती विधानसभा सीट से उपचुनाव भी लड़ना होगा. अजित पवार इसी सीट से विधायक थे. उनके निधन के बाद यह सीट खाली हो गई है.
एनसीपी एकजुट होने की अटकलें खत्म
अजित पवार के निधन के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि एनसीपी के दोनों गुट एक साथ आ सकते हैं. लेकिन अब इन अटकलों पर ब्रेक लग गया है. तय माना जा रहा है कि डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार ही संभालेंगी.
राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर अभी सस्पेंस
हालांकि एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है. इस पद के लिए प्रफुल्ल पटेल को सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है. वहीं पार्टी के कुछ नेताओं का कहना है कि यह जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को ही मिलनी चाहिए.
पार्थ पवार के राज्यसभा जाने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी के नेताओं का मानना है कि पार्टी के पास जितने पद पहले थे, वे सभी उसी के पास रहने चाहिए. इसी वजह से पार्थ पवार को राज्यसभा सांसद बनाए जाने की चर्चा चल रही है.
कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि अजित पवार 28 जनवरी को चुनाव प्रचार के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे. बारामती में लैंडिंग के दौरान उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई. अजित पवार महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक डिप्टी सीएम रहने वाले नेताओं में शामिल रहे हैं.



















