Budget 2026 Key Announcements: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार 1 फरवरी को देश का आम बजट 2026 पेश किया. यह मोदी सरकार 3.0 का तीसरा बजट है. अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने पर खास ध्यान दिया है. इसी वजह से देश की विकास दर करीब 7 फीसदी तक पहुंची है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत तेजी से दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है.
बजट 2026 में सरकार ने कई बड़े सेक्टर पर फोकस किया है. खास तौर पर छोटे कारोबार, कपड़ा उद्योग, रेलवे, इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोफार्मा और खनिज क्षेत्र को लेकर अहम ऐलान किए गए हैं. यहां हम आपको बजट की 10 बड़ी बातें आसान भाषा में बता रहे हैं.

कपड़ा उद्योग को मिलेगा नया बल
सरकार ने कपड़ा और हथकरघा सेक्टर को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाने का ऐलान किया है.
महात्मा गांधी ग्राम स्वराज खादी योजना के तहत खादी को बढ़ावा दिया जाएगा. इससे गांवों में उत्पादन बढ़ेगा, लोगों को ट्रेनिंग मिलेगी और बाजार तक पहुंच आसान होगी.
इसके साथ ही महात्मा गांधी हैंडलूम योजना शुरू की जाएगी. इससे हथकरघा से जुड़े लोगों को फायदा होगा और इस सेक्टर में सुधार आएगा.
टेक्सटाइल इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने के लिए नेशनल फाइबर स्कीम लाई जाएगी. इसमें मानव निर्मित फाइबर और आधुनिक फाइबर बनाने पर जोर दिया जाएगा.
इलेक्ट्रॉनिक्स और MSME के लिए बड़ा पैकेज
सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.
सेमीकंडक्टर मिशन को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि भारत में ही चिप्स और दूसरे जरूरी पुर्जे बन सकें. इससे देश की सप्लाई चेन मजबूत होगी.
छोटे और मझोले उद्योग यानी MSME सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड दिया जाएगा, जिससे छोटे कारोबारियों को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी.
सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर
बजट 2026 में रेलवे को लेकर भी बड़ा ऐलान हुआ है.
देश में सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे. इनमें दिल्ली से वाराणसी और वाराणसी से सिलीगुड़ी जैसे रूट शामिल हैं.
अगले पांच साल में 20 नए राष्ट्रीय राजमार्ग भी बनाए जाएंगे, जिससे सफर आसान और तेज होगा.
वाराणसी और पटना में जहाजों की मरम्मत की सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
इसके अलावा समुद्री विमान के लिए VGF योजना शुरू करने की भी घोषणा की गई है.
बायोफार्मा में भारत बनेगा ग्लोबल हब
सरकार का लक्ष्य भारत को बायोफार्मा का वैश्विक केंद्र बनाना है.
अगले पांच साल में इस सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर दवाइयों का उत्पादन देश में ही किया जाएगा. इससे दवाइयां सस्ती होंगी और रोजगार के मौके बढ़ेंगे.
खनिज क्षेत्रों के लिए खास योजना
सरकार ने खनिज क्षेत्रों को विकसित करने के लिए मिनरल कॉरिडोर बनाने का फैसला लिया है.
इसके तहत ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों में खनिज कॉरिडोर बनाए जाएंगे.
केमिकल सर्विस ब्यूरो के तहत दो आधुनिक टूल रूम बनाए जाएंगे.
इसके साथ ही देश में तीन नए केमिकल पार्क भी स्थापित किए जाएंगे.
कुल मिलाकर क्या कहता है बजट
बजट 2026 में सरकार ने रोजगार, उद्योग और बुनियादी ढांचे पर खास ध्यान दिया है. छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े उद्योग तक, हर सेक्टर को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई है. कपड़ा, रेलवे, इलेक्ट्रॉनिक्स और बायोफार्मा जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से आने वाले समय में लोगों को नए मौके मिल सकते हैं. सरकार का साफ कहना है कि विकास के साथ-साथ आम आदमी तक सुविधाएं पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है.



















