ब्रेकिंग खबरें

खेल

कैपिटल्स की नजर लगातार चौथे फाइनल पर

वडोदरा लगातार तीन बार उपविजेता रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एलिमिनेटर मुकाबले में मंगलवार को यहां गुजरात जायंट्स से भिड़ेगी। इस मुकाबले में दिल्ली की नजर पहली बार प्लेऑफ में पहुंची गुजरात को हराकर चौथी बार फाइनल में पहुंचने की होगी।

दिल्ली कैपिटल्स ने लीग चरण सफलतापूर्वक पार करते हुए शीर्ष तीन में जगह बनाई। इसके साथ ही वह अब तक के सभी चार सत्रों में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र टीम बन गई है। पर मौजूदा सत्र में दिल्ली का अभियान उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जिसमें दबदबे वाले प्रदर्शन के साथ-साथ गिरावट भी देखने को मिली। टीम ने अब तक चार मैच जीते हैं और उसे इतने में हार का सामना करना पड़ा है।

दिल्ली की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने सत्र में 14 विकेट लेने के साथ आखिरी ओवरों में प्रभावित किया है। उन्हें बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरनी (14 विकेट) का अच्छा साथ मिला है जबकि दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी हरफनमौला मारिजाने कैप (10 विकेट) का भरोसेमंद प्रदर्शन जारी है।

बल्लेबाजी में कैप की हमवतन लॉरा वोल्वार्ट (241 रन) और लिजेल ली (240 रन) ने शीर्ष क्रम में मजबूती प्रदान की है। भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (208 रन) के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी हालांकि चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले मैच में कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने दबाव की स्थिति में फॉर्म दोबारा हासिल करके टीम को राहत दिलाई।

गुजरात की नजर जीत के चौके पर

दूसरी ओर गुजरात जायंट्स की टीम एलिमिनेटर में जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। उन्होंने लगातार तीन मैचों की हार के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत की हैट्रिक लगाई। टीम ने इस दौरान गत चैंपियन मुंबई को 11 रन से हरा दो बार की चैंपियन टीम के खिलाफ पहली जीत से नॉकआउट में जगह पक्की की।

लीग चरण के दोनों मुकाबलों में दिल्ली को हराने से भी गुजरात को आत्मविश्वास मिलेगा। इन मैचों में सोफी डिवाइन ने निर्णायक भूमिका निभाई थी। वह आठ मैचों में 17 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने इसके साथ ही दो अर्धशतक की मदद से 237 रन भी बनाए हैं।

What's your reaction?

Related Posts