Chhattisgarh Mahila Congress President: छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने का इंतजार अब अपने आखिरी दौर में पहुंच गया है. करीब ढाई साल से यह पद खाली पड़ा है और अब इसे लेकर राजनीति तेज हो गई है. कांग्रेस आलाकमान ने हाल ही में पांच महिला नेताओं के इंटरव्यू लिए हैं. माना जा रहा है कि जल्द ही इस पर फैसला हो सकता है.
किन नेताओं का हुआ इंटरव्यू
कांग्रेस नेतृत्व ने बालोद की विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक छन्नी साहू, लक्ष्मी ध्रुव, ममता चंद्राकर और जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा को दिल्ली बुलाया था. यहां सभी पांच नेताओं से बातचीत की गई. पहले चर्चा थी कि छन्नी साहू को अध्यक्ष बनाया जा सकता है, लेकिन जब बाकी नेताओं को भी इंटरव्यू के लिए बुलाया गया तो दावेदारी को लेकर हलचल और तेज हो गई.

रेस में कौन आगे
दिल्ली में हुए इंटरव्यू के बाद छन्नी साहू और संगीता सिन्हा के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं. दोनों ही पहले से महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की टीम के साथ काम कर रही हैं. इसी वजह से इन दोनों की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है.
बाकी दावेदारों की स्थिति
बस्तर से आने वाली तूलिका कर्मा, स्वर्गीय महेंद्र कर्मा की बेटी हैं. लेकिन मौजूदा पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और फूलोदेवी नेताम भी बस्तर से ही हैं, इसलिए तूलिका कर्मा की दावेदारी थोड़ी कमजोर मानी जा रही है.
वहीं पूर्व विधायक ममता चंद्राकर को हाल ही में महिला कांग्रेस की महासचिव बनाया गया है, इसी वजह से उनके अध्यक्ष बनने की संभावना कम बताई जा रही है.
सूत्रों के मुताबिक, छन्नी साहू को छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन का समर्थन मिल रहा है, जबकि संगीता सिन्हा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी माना जा रहा है.
ढाई साल से खाली पड़ा है पद
छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष पद करीब ढाई साल से खाली है. विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम ने इस्तीफा दिया था, लेकिन उसे औपचारिक रूप से स्वीकार नहीं किया गया. तब से वह सिर्फ नाम के लिए जिम्मेदारी संभाल रही हैं. अब पार्टी संगठन नए सिरे से महिला कांग्रेस को मजबूत करने के लिए जल्द नए अध्यक्ष की घोषणा कर सकता है.



















