वडोदरा। शिनेल हेनरी (35 रन पर तीन विकेट) और नंदिनी शर्मा (44 रन पर दो विकेट) की अगुवाई में शानदार गेंदबाजी के बाद ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 के एलिमिनेटर मैच में मंगलवार को यहां गुजरात जायंट्स को 26 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर लगातार चौथी बार फाइनल का टिकट कटाया। कैपिटल्स के सामने बृहस्पतिवार को खेले जाने वाले फाइनल में पूर्व चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की चुनौती होगी। जायंट्स को सात विकेट पर 168 रन पर रोकने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवर में तीन विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल कर लिया। कैपिटल्स के लिए लिजेल ली ने 24 गेंद में 43, शेफाली वर्मा ने 21 गेंद में 31, कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 23 गेंद में 41 और लौरा वोल्वार्डट ने 24 नाबाद 32 रन का योगदान दिया। ली और शेफाली ने पहले विकेट के लिए 43 गेंद में 89 रन की आक्रामक साझेदारी के साथ मैच का रुख तय किया तो वहीं वोल्वार्डट और जेमिमा ने तीसरे विकेट के लिए 42 गेंद में 68 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत को जाया नहीं होने दिया। जायंट्स के लिए जॉर्जिया वेयरहम ने दो जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ को एक सफलता मिली।
जायंट्स के लिए बेथ मूनी ने खेली तूफानी पारी – सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी की नाबाद 62 रन की शानदार पारी के दम पर जायंट्स ने सात विकेट 168 रन बनाये। मूनी ने एक छोर संभालते हुए 51 गेंद की पारी में छह चौके जड़ने के साथ पांचवें विकेट के लिए जॉर्जिया वेयरहम के साथ 46 गेंद में 61 जबकि आखिरी ओवरों में काश्वी गौतम के साथ 19 गेंद में 39 रन की साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। वेयरहम में 25 गेंद में तीन चौके और एक छक्का लगा 35 रन बनाये जबकि काश्वी ने 10 गेंद में 18 रन की परी के दौरान तीन चौके जड़ें।



















