Dhamtari Bus Ganja Smuggling: धमतरी. जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बोराई बॉर्डर चेक पोस्ट पर जांच के दौरान ओडिशा से रायपुर जा रही एक लग्जरी बस से करीब 35 किलो गांजा बरामद किया गया. इस मामले में दो महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस को शक था, इसलिए आधी रात चेकिंग शुरू की गई. 4 फरवरी 2026 की रात करीब 12.30 बजे ‘नरेश’ नाम की यात्री बस को रोका गया. यह बस ओडिशा के कोरापुट से रायपुर आ रही थी.

बस की तलाशी लेते समय दो महिलाएं पुलिस को संदिग्ध लगीं. वे लोअर बर्थ नंबर 23 और 24 पर बैठी थीं. उनके पास तीन बड़े ट्रॉली बैग रखे थे. जब पुलिस ने बैग खोलकर देखा तो अंदर गांजे के कई पैकेट छिपाकर रखे गए थे.
तलाशी में कुल 35 किलो 783 ग्राम गांजा मिला. इसकी बाजार कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने गांजे के साथ ट्रॉली बैग और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए.
गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान रेखा रानी (30 साल), निवासी फरीदकोट, पंजाब और कोमल चौधरी (29 साल), निवासी नवरंगपुर, ओडिशा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों दूसरे राज्यों से गांजा लाकर यहां सप्लाई करने की कोशिश कर रही थीं.
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया. अब पुलिस इस पूरे गिरोह और उनके बाकी साथियों की तलाश कर रही है.



















