अगरतला। त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में पिछले कुछ दिनों से आवारा कुत्तों के रहस्यमय तरीके से गायब होने की घटनाओं ने पशु प्रेमियों और एनजीओ के बीच हड़कंप मचा दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि अज्ञात लोग खुद को पशु कल्याण संगठनों का सदस्य बताकर और स्टरलाइज़ेशन (नसबंदी) का बहाना बनाकर अवैध रूप से कुत्तों को उठा रहे हैं।
जूट के बोरों का हो रहा इस्तेमाल
पॉसम एनजीओ के प्रतिनिधि वृहबेड दत्त ने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों से अब तक ऐसी चार गंभीर शिकायतें मिली हैं। उन्होंने खुलासा किया कि ये संदिग्ध लोग जूट के बोरों का इस्तेमाल कर अमानवीय तरीके से कुत्तों को पकड़ रहे हैं। दत्त ने स्पष्ट किया, कोई भी प्रमाणित एनजीओ कुत्तों को पकड़ने के लिए जूट के बोरों का उपयोग नहीं करता। यह न केवल असुरक्षित है बल्कि क्रूरता भी है। हमें डर है कि कुत्तों से नफरत करने वाले लोग या तस्कर एनजीओ के नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
0 बचाव दल ने बढ़ाई गश्त, पुलिस में शिकायत की तैयारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉसम एनजीओ ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया है। संगठन ने अपने स्वयंसेवकों को हाई अलर्ट पर रखा है और संवेदनशील इलाकों में देर रात की गश्त (पेट्रोलिंग) शुरू कर दी है ताकि इन संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम कसी जा सके।
0 तस्करी की ओर इशारा
वहीं, एक अन्य संस्था ‘के नाइन’ एनजीओ ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को आगाह किया है। उन्होंने अंदेशा जताया है कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले की आड़ में कुत्ते की तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। एनजीओ ने साफ किया कि वे केवल बीमार या घायल जानवरों का ही रेस्क्यू करते हैं, स्वस्थ कुत्तों को उठाने का उनका कोई अभियान नहीं चल रहा है।
0 स्थानीय निवासियों में डर का माहौल
कुत्ता प्रेमी दिब्येंदु चकमा सहित कई स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह के वक्त उनके इलाकों से कई कुत्ते अचानक गायब हो गए हैं। पशु कल्याण समूहों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कुत्ता ले जाने देने से पहले उसकी आईडी चेक करें। संबंधित एनजीओ के ऑफिशियल नंबर पर कॉल कर पुष्टि करें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या पशु हेल्पलाइन को सूचित करें।
पशु संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि इन धोखेबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि असली बचाव संगठनों की विश्वसनीयता बनी रहे और बेजुबानों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



















