ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगरायपुर संभाग

14 लाख से अधिक का नकली खोवा, मिठाई जब्त, वैवाहिक सीजन और नववर्ष पर मिलावटी मिठाई-खोवा के खिलाफ बड़ा अभियान

रायपुर: वैवाहिक सीजन और नववर्ष के आगमन को देखते हुए नकली खोवा, मावा, पनीर और गुणवत्ताहीन मिठाइयों की बिक्री की आशंका बढ़ जाती है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) के निर्देश पर रायपुर जिले में डेयरी दुकानों और पनीर निर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। मिलावटी मिठाई, पनीर और खोवा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

 अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, प्रभारी सहायक आयुक्त डोमेन्द्र ध्रुव तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों एहसान तिग्गा, बृजेन्द्र भारती, सिद्धार्थ पाण्डेय, सतीश कुमार राज, संतोश ध्रुव, रोशनी राजपूत, साधना चंद्राकर और नमूना सहायकों की संयुक्त टीम ने शहर की कई डेयरी एवं स्वीट्स इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान निम्नलिखित फर्मों से नमूने लिए गए और मिलावटी/गुणवत्ताहीन सामग्री जब्त की गई:

– मेसर्स गोपी डेयरी एंड स्वीट्स, बोरियाखुर्द: अस्वास्थ्यकर स्थिति में पाए जाने पर 200 किलो लूज मिठाई नष्ट कराई गई। इसके अलावा खोवा, कलाकंद और कृष्णा बर्फी के 900 किलो सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 1.75 लाख रुपये है।

– काशी एग्रो फूड, बीरगांव: 500 किलो एनालॉग कॉटेज जब्त, कीमत 1.15 लाख रुपये।

– विवान फूड, प्रोफेसर कॉलोनी (मलाशय तालाब के पास): 500 किलो लूज पनीर जब्त, कीमत 1.50 लाख रुपये।

– एस. जे. डेयरी, बिलासपुर हाईवे, निमोरा: 4450 किलो पैक्ड मिल्की मलाई फेस पनीर और एनालॉग जब्त, कीमत 10.235 लाख रुपये।

 कुल मिलाकर चारों फर्मों से 6350 किलोग्राम एनालॉग पनीर, लूज पनीर, खोवा, कलाकंद और पैक्ड कृष्णा बर्फी जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत 14.635 लाख रुपये (चौदह लाख तिरसठ हजार पांच सौ रुपये) है।

सभी जब्त सामग्रियों के नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं नियम 2011 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

What's your reaction?

Related Posts