ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगरायपुर संभाग

चारधाम यात्रा और सीनियर सिटीजन कार्ड के नाम पर ठगी, 4 लोगों से 85 लाख पार

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का नया पैटर्न सामने आया है, जिसमें ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों के बैंक खातों में सेंध लगा रहे हैं। चारधाम यात्रा के लिए सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने और निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर चार लोगों से करीब 85 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई है। पीड़ितों में एक रिटायर्ड आयकर अधिकारी भी शामिल हैं। सभी ने संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामलों की जांच कर रही है।

टिकरापारा निवासी 74 वर्षीय रिटायर्ड आयकर अधिकारी चोलाराम मरकाम को 8 फरवरी को तब ठगी का पता चला, जब वे बैंक में पासबुक अपडेट कराने पहुंचे। उनके खाते से 1.96 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में निकाल लिए गए थे। उन्होंने किसी को भी बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं की थी।

मठपारा के विमल श्रीवास (52) को सोशल मीडिया पर सस्ते में उत्तराखंड चारधाम यात्रा का लिंक मिला। लिंक पर निजी जानकारी भरने और भुगतान करने के बाद उन्होंने 2.14 लाख रुपये जमा किए, लेकिन टिकट नहीं मिला। संपर्क करने पर दिए गए नंबर भी बंद मिले।

कोटा क्षेत्र के कारोबारी अमृत बिलथरे से भोपाल निवासी एक व्यक्ति ने बड़े मुनाफे का लालच देकर 75 लाख रुपये निवेश करा लिए। शुरुआती भुगतान के बाद आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।

वहीं छोटापारा के गुलाम खान (64) को कोलकाता हेड ऑफिस का अधिकारी बनकर फोन आया और मुफ्त सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने का झांसा दिया गया। एपीके फाइल डाउनलोड करते ही उनके खाते से 5 लाख रुपये निकाल लिए गए।

रायपुर में हर साल 4 हजार से अधिक लोग साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं। पिछले वर्ष 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी हुई, जिसमें पुलिस लगभग 10 प्रतिशत राशि ही होल्ड करा सकी। कमिश्नरी लागू होने के बाद अब हर शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जा रही है, ताकि पीड़ितों को त्वरित कानूनी सहायता मिल सके।

What's your reaction?

Related Posts