नई दिल्ली | आउटर जिले के एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने दूध- दही चोरी करने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ पाठा (27) और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से श्री-व्हीलर, स्कूटी, बाइक और दूध के खाली क्रेट बरामद किए हैं। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस पांच मामले सुलझाने का दावा कर रही है।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि गत 26 मार्च को दूध और दही चोरी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। वीडियो में दिखाई दे रहा था कि कुछ लोग दूध के क्रेट चोरी कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत इस मामले में संज्ञान लिया और केस दर्ज किया। आरोपियों को पकड़ने के लिए एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड की टीम बनाई गई। टीम ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की। इसी बीच टीम को गुप्त सूचना मिली कि दूध व दही चोरी के मामले में दो आरोपी मोहित उर्फ पाठा और आयुष मान पांडे शामिल है।
नूंह : पुलिस ने नाकाबंदी पर पकड़ा बाइक चोर
नूंह। नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही पुलिस ने एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की बाइक बरामद की गई है। पुलिस से पूछताछ कर रही है कि वह और किन-किन वारदातों में लिप्त रहा है। पुलिस टीम ने अकेड़ा थाने के पास नाके बंदी कर रखी थी। यहां तैनात पुलिसकर्मी वाहनों की जांच पड़ताल कर रहे थे। इसी बीच संदेह के आधार पर एक बाइक सवार को रुकवा लिया। पूछताछ व जांच पड़ताल के दौरान सवार बाइक के वैध दस्तावेज पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह बाइक चोरी करके लाया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जांच अधिकारी के अनुसार आरोपी की पहचान साद मोहम्मद निवासी गांव जमालगढ़ के रूप में हुई है। उस से पूछताछ की जा रही है ताकि उसकी और वारदातों में संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
31 लाख रुपए व 30 तोला सोना लूटने वाले आरोपियों का नहीं लगा सुराग
पलवल। नेशनल हाईवे-19 पर गुरुवार को हुडा चौक के निकट 31 लाख रुपए व 30 तोला सोना लूट के मामले में चार दिन बाद भी बदमाशों का पुलिस पता नहीं लगा पाई है। इनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें लगी हैं। जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार स्थित जेएस सर्राफ एंड संस के संचालक विकास जैन की कार से चालक राजकुमार व कर्मचारी विजय सुबह करीब साढ़े छह बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए। कार में दुकान की बिक्री के 31 लाख रुपये बैंक में जमा करने और 30 तोला सोना करोलबाग स्थित कारीगर को देने के लिए रखा था। रास्ते में धर्मा ढाबे के पास कई वाहनों में आए बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की कार को घेर लिया। इसके बाद करीब 10 से 12 बदमाश उतरे और दो सर्राफा व्यापारी की कार में घुस गए। पीड़ित विकास जैन ने पुलिस को दी शिकायत में कहाकि बदमाशों ने खुद को डीआरआई अधिकारी बताते हुए सामान के बारे में पूछताछ की। जब चालक ने कैश और सोना दिखाया तो आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट कर दोनों के फोन छीन लिए।


















