Gold Silver Price: ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध की आग में सोना-चांदी पिघल गए हैं। पहले माना जा रहा था कि युद्ध या बड़ी आपदा में सोने-चांदी के भाव चढ़ते हैं, लेकिन इस युद्ध के दौरान इसके उल्टा हो रहा है। पश्चिम एशिया में लड़ाई के बीच सोने के भाव अबतक 12489 रुपये प्रति 10 ग्राम गिर चुके हैं। जबकि इस अवधि में चांदी करीब 40000 रुपये प्रति किलो टूट चुकी है। यह गिरावट कई एनॉलिस्ट्स को हैरान कर रही है, क्योंकि जियो पॉलिटिकल टेंशन के समय आमतौर पर सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी की मांग बढ़ जाती है।
आईबीजेए के रेट्स के मुताबिक 27 फरवरी 2026 को सोना 159097 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। जबकि, चांदी इस दिन 267900 रुपये प्रति किलो के रेट से बंद हुई थी। अगले दिन 28 फरवरी को युद्ध शुरू हो गया। बता दें शनिवार और रविवार के दिन आईबीजेए सोने-चांदी के रेट जारी नहीं करता।
युद्ध के बीच सोने-चांदी में हैरान करने वाली हरकत
ऑस्ट्रेलिया-ट्रेडिंग डॉट कॉम के सीईओ पीटर मैकगायर ने एक इंटरव्यू में बताया कि युद्ध के बीच तेल के उछाल के बीच सबसे चौंकाने वाली चाल कीमती धातुओं में देखने को मिली है। सोना, जो 5400 डॉलर के करीब पहुंच गया था, अचानक तेजी से लुढ़क गया। चांदी भी करीब 121 डॉलर के हाई से लुढ़कती गई। सोना 4720 डॉलर और चांदी करीब 73 डॉलर तक आ गई है।
सोने-चांदी के भाव में गिरावट के कारण
मैकगायर सोने-चांदी के भाव में गिरावट की कई वजहें बताते हैं। अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड बढ़कर 4.36 प्रतिशत के करीब पहुंच गई। इससे निवेशकों ने अपना पैसा निश्चित आय वाली संपत्तियों में लगा दिया। साथ ही, कच्चे तेल और गैस फ्यूचर्स में बड़े दांव लगाने वाले कारोबारियों ने अपना ध्यान और पूंजी इन तेजी वाले पोजीशनों में लगा दी।
शेयर बाजारों की कमजोरी भी गिरावट की वजह बनी
शेयर मार्केट्स की कमजोरी ने भी सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव डाला, क्योंकि मार्जिन कॉल का सामना कर रहे कई निवेशकों को दूसरी जगहों पर नुकसान भरने के लिए इन धातुओं को बेचना पड़ा। इसके अलावा मजबूत डॉलर ने भी कीमती धातुओं पर निगेटिव असर डाला।
क्या आगे बढ़ सकते हैं सोने-चांदी के दाम
मैकगायर का मानना है कि अप्रैल से मई के बीच जब एनर्जी और शेयरों के शुरुआती उत्साह का असर कम होगा और सुरक्षित निवेश यानी सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं की मांग फिर से जोर पकड़ लेगी, तब सोना और चांदी के दाम फिर से चढ़ सकते हैं।



















