लखनऊ। लखनऊ में ट्रक ने एक डॉक्टर को रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। घटना मड़ियांव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम 6:15 बजे शालीमार गार्डन के गेट पर हुई। मृतक की पहचान शालीमार गार्डन निवासी डॉ. जय प्रकाश गुप्ता (58) के रूप में हुई। उनकी पोस्टिंग कानपुर में थी। हर वीकेंड पर जय प्रकाश अपने परिवार के पास आते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस के मुताबिक, शालीमार सिटी के विला में डॉ. जय प्रकाश वर्मा, पत्नी डॉ. अर्चना रानी और 2 बेटों- देवांश और देवेंद्र के साथ रहते थे। उनकी कानपुर के कमलापत मेमोरियल हॉस्पिटल में तैनाती थी। शनिवार को वह कानपुर से मड़ियांव स्थित घर आ रहे थे। चारबाग तक वह रोडवेज बस से आए। चारबाग से ऑटो से सोसायटी के गेट पर पहुंचे। गेट से उनके घर की दूरी करीब 200 मीटर है। उनका बड़ा बेटा देवांश उन्हें रिसीव करने गेट पर आने वाला था। इस दौरान गेट के पास रॉन्ग साइड जा रहे मिक्सर ट्रक ने उन्हें रौंद दिया।
मिक्सर ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गेट पर खड़े सुरक्षाकर्मी ने इसकी उनके परिजनों और पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मिक्सर ट्रक का नंबर पता किया। कुछ देर बाद मिक्सर ट्रक के ड्राइवर जीतू को गिरफ्तार कर लिया। डॉ. जयप्रकाश वर्मा के बेटे देवांश ने मामले की मड़ियांव थाने में शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मिक्सर ट्रक के ड्राइवर जीतू की लापरवाही से उनके पिता की मौत हुई है। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।


















