रायपुर। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर साफ दिखने लगा है। गुरुवार से रायपुर से दिल्ली सहित अन्य शहरों के लिए हवाई सफर 1000 से 2000 रुपए तक महंगा हो गया है। कुछ एयरलाइंस ने 2 अप्रैल की रात 12 बजे से नई दरें लागू कर दी हैं।
गर्मी के सीजन में जब बड़ी संख्या में लोग घूमने या निजी कार्यों के लिए यात्रा की योजना बनाते हैं, ऐसे समय किराए में यह बढ़ोतरी यात्रियों के बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है। जानकारों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में भी 10 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
वैश्विक हालात का असर
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल कीमतों में उछाल, खासकर ईरान से जुड़े तनाव और अमेरिका व इजराइल के साथ भू-राजनीतिक परिस्थितियों का असर ईंधन कीमतों पर पड़ा है। हाल ही में प्रीमियम पेट्रोल के साथ-साथ एटीएफ के दाम भी बढ़ाए गए हैं, जिससे एयरलाइंस का संचालन खर्च बढ़ गया है।
व्यास हॉलीडेज के संचालक कीर्ति व्यास के अनुसार, “घरेलू उड़ानों में औसतन 1000 रुपए और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में करीब 10 हजार रुपए तक किराया बढ़ा है।”
इन रूट्स पर बढ़ा किराया (अनुमानित)
- रायपुर – दिल्ली: 7500 → 8500 रुपए
- रायपुर – भोपाल: 9500 → 10500 रुपए
- रायपुर – जयपुर: 10000 → 12000 रुपए
- रायपुर – बेंगलुरु: 7500 → 8500 रुपए
- रायपुर – मुंबई: 6500-7000 → 7500-8000 रुपए
(किराए अनुमानित हैं और एयरलाइंस व बुकिंग समय के अनुसार बदल सकते हैं)



















