गरीब बनाए रखने वालों को हटाना जरूरी: तेजस्वी: पटना. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने चुनावी सभा में कहा कि जिन लोगों ने बिहार को गरीब बनाए रखा, उन्हें सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एनडीए के नेता बिहार को बदनाम कर रहे हैं। प्रदेश की नकारात्मक छवि पेश कर रहे हैं।
पटना में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि गुजरात में गिफ्ट सिटी, सेमी कंडक्टर की फैक्ट्री और एसईजेड बनाए जा रहे हैं। सबसे बड़ा स्टेडियम गुजरात में बना। निवेशक सम्मेलन गुजरात में हो रहा है, लेकिन बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल व इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम नहीं हो रहा है। बिहार का पैसा गुजरात में खर्च हो रहा है। तेजस्वी ने कहा कि 11 साल से डबल इंजन की सरकार है, लेकिन बिहार और गुजरात को क्या मिला, यह बताया जाना चाहिए। जबकि बिहार गुजरात से हर पहलू में बड़ा है। हर दसवां भारतीय बिहारी है, फिर भी इस राज्य के साथ नाइंसाफी हो रही है। (गरीब बनाए रखने वालों को हटाना जरूरी: तेजस्वी)
गुजरात को जितना पैसा मिला, उसका एक फीसदी भी बिहार को नहीं मिला। बिहार की जनता अब परिवर्तन चाहती है। लोग भ्रष्टाचार में डूबी सरकार को हटाने के लिए तैयार हैं। जिन लोगों ने बिहार को गरीब बनाए रखा, अब उन्हें सत्ता से हटाना जरूरी है।
बदलाव की दरकार
रोजगार की तलाश में देश के सुदूर राज्यों में बिहार के युवाओं का पलायन रोकने के लिए बिहार में बदलाव जरूरी है। बेरोजगारों को यहीं रोजगार देने के लिए बिहार में बदलाव होना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनी तो 20 दिनों के अंदर बेरोजगारों को नौकरी देंगे। ये बातें प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को परबत्ता में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं।
एनडीए को निशाने पर लेते हुए कहा कि नीतीश चाचा की उम्र हो गई है। भाजपा वालों ने उन्हें हाईजैक कर लिया है। कहा कि अब प्रदेश को बिहार का लाल चलाएगा या कोई बाहरी, ये आपको तय करना है। लोग इस बार भाजपा को रिजेक्ट कर देंगे।



















