Korba Lover Murder: कोरबा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका का गला काट दिया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. लड़की गंभीर रूप से घायल थी, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उसने परिवार को वीडियो कॉल कर मदद मांगी, जिससे उसकी जान बच गई.
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर की रहने वाली निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 साल) और शुभम नायडू (28 साल) एक-दूसरे से प्यार करते थे. दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और मंगलवार रात अपने-अपने घर से भाग गए. वे बाइक से कोरबा पहुंचे.
उरगा थाना इलाके के सन्डैल नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. गुस्से में शुभम ने चाकू से निशा का गला काट दिया. उसे लगा कि निशा मर चुकी है. इसके बाद उसने खुद का भी गला काट लिया.

युवती ने ऐसे बचाई जान
गंभीर हालत में भी निशा ने हिम्मत नहीं हारी. खून से लथपथ हालत में उसने अपने घरवालों को वीडियो कॉल किया और अपनी लोकेशन भेजी. साथ ही डायल 112 पर भी फोन कर पुलिस को सूचना दी.
लोकेशन मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया, जबकि निशा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है.
युवक पहले से था शादीशुदा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शुभम पहले से शादीशुदा था. इस खुलासे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है.



















