नई दिल्ली। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) की ओर से आयोजित नाटकों का महाकुंभ भारत रंग महोत्सव 2026 का आयोजन आज से राजधानी में शुरू हो जाएगा। इसका उद्घाटन एनएसडी परिसर में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रसिद्ध निर्देशक मधुर भंडाकर सहित लोगों की मौजूदगी में किया जाएगा।
इस वर्ष महोत्सव में 277 भारतीय प्रस्तुतियां शामिल होंगी, जिनमें 136 चयनित और आमंत्रित नाट्य प्रस्तुतियां हैं। इसके साथ ही, 12 अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियां भी मंचित की जाएंगी। 228 भारतीय और विदेशी भाषाओं व बोलियों में होने वाली इन प्रस्तुतियों के साथ भारत रंग महोत्सव भाषाई विविधता के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा थिएटर फेस्टिवल बन गया है। दिल्ली में 70 से अधिक प्रस्तुतियां होंगी।

कई क्षेत्रीय भाषाओं में नाटक
इस बार भारत रंग महोत्सव में भाषाई और सांस्कृतिक विस्तार विशेष रूप से उल्लेखनीय है। मैथिली, भोजपुरी, तुलु, उर्दू, संस्कृत, ताई खामती, निशी जैसी भाषाओं के साथ लगभग सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं और कई जनजातीय व लुप्तप्राय भाषाओं में प्रस्तुतियां होंगी। पहली बार भारत रंग महोत्सव का विस्तार देश के नए और दूरस्थ क्षेत्रों तक किया गया है। लद्दाख, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दमन व दीव, आइजोल, तुरा, नगांव, मंडी व रोहतक जैसे नए केंद्र इस वर्ष महोत्सव के मानचित्र पर शामिल किए गए हैं। पहली बार ट्रांसजेंडर समुदाय, सेक्स वर्कर्स व हाशिए पर मौजूद समूहों द्वारा की गई प्रस्तुतियां भी महोत्सव का हिस्सा होंगी। महोत्सव में रंगमंच के दिग्गजों रतन थियम, दया प्रकाश सिन्हा, बंसी कौल आदि को याद किया जाएगा।
कैसे पहुंचें मंडी हाउस
दर्शक मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन या यहां स्थित बस स्टेशन पर आकर जा सकते हैं। किस नाटक का कहां मंचन होगा और कब होगा इसकी विस्तृत जानकारी दर्शक एनएसडी की वेबसाइट nsd.gov.in/delhi से देख सकते हैं।
200 से 1500 तक टिकट
एनएसडी के अधिकारी ने बताया कि महोत्सव में अलग-अलग नाटकों के लिए अलग-अलग टिकट हैं। ये सभागार के हिसाब से भी हैं। छोटे सभागार में 200 रुपये की टिकट है जबकि बड़े के लिए 1500 तक की टिकट है। सभी टिकट बुक माय शो से ले सकते हैं।
दिल्ली के इन सभागारों में होगा
एनएसडी में अभिमंच,बहुमुख,चहुमुख,सम्मुख के अलावा मंडी हाउस स्थित कमानी सभागार,श्रीराम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (एसआरसी), लिटिल थिएटर ग्रुप, त्रिवेणी,संगीत नाटक अकादमी तथा इंडिया हैबिटेट सेंटर व दिल्ली विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा।



















