रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य चल रहा है। बीएलओ द्वारा प्रदेशभर में घर-घर जाकर पंजीकृत मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का संग्रहण व डिजिटाइजेशन का कार्य जारी है। प्रदेश में अब तक 1.96 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। यह कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाताओं का लगभग 92.67 प्रतिशत है। वहीं, कुल मतदाताओं में से अब तक 99.80 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं। यानी सिर्फ 0.20 प्रतिशत मतदाताओं को ही गणना प्रपत्र नहीं मिले हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक एसआईआर के तहत गणना प्रपत्र वितरण के मामले में दंतेवाड़ा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, सुकमा व कोरिया जिले पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर हैं। इन पांचों जिलों में शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। हालांकि इन जिलों में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य पूरा होना अभी शेष है। दंतेवाड़ा में 92.54, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 93.49, गौरेला-पेंड़ा-मरवाही में 95.99, सुकमा में 97.35 व कोरिया जिले में 99.20 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हुआ है। दूसरी ओर एसआईआर के कार्य में पूरे प्रदेश में रायपुर जिले का प्रदर्शन सबसे खराब है। पूरे प्रदेश में रायपुर जिला पीछे है। यहां कुल 18,92,523 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 99.43 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र का वितरण किया गया है। इसी तरह 16,46,060 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हो पाया है, जो कुल मतदाता का 86.98 प्रतिशत है। रायपुर जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों में से एकमात्र अभनपुर क्षेत्र में ही शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण व डिजिटलीकरण हुआ है।
डिजिटाइजेशन में मुंगेली जिला सबसे आगे
एसआईआर के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में मुंगेली जिला पूरे प्रदेश में सबसे आगे है। यहां 99.99 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण व 99.39 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। जबकि जिले में कुल 5,04,457 मतदाता हैं।
ड्रॉफ्ट मतदाता सूची प्रकाशन अब 16 दिसंबर को अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के लिए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू की गई है। भारत
निर्वाचन आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया की समय-सीमा को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया है। अब गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण व डिजिटाइजेशन का कार्य 11 दिसंबर तक चलेगा।
ड्रॉफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 9 के बजाय 16 दिसंबर को किया जाएगा। इसी तरह मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी के स्थान पर अब 14 फरवरी 2026 को होगा।
जिले वितरण (%) डिजिटाइजेशन (%)
रायपुर 99.43 86.98
बिलासपुर 99.53 87.87
बलरामपुर 99.67 88.27
बलौदाबाजार 99.71 89.12
जांजगीर-चांपा 99.87 89.31
कोरबा 99.88 89.93
दुर्ग 99.98 89.93
कबीरधाम 99.80 91.75
जशपुर 99.84 92.18
सरगुजा 99.90 92.53
दंतेवाड़ा 100 92.54
राजनांदगांव 99.98 92.74
बीजापुर 99.74 92.91
कोंडागांव 99.93 93.32
मोहला-मानपुर 100 93.49
धमतरी 99.56 94.02
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी 99.77 94.40
नारायणपुर 99.70 94.40
महासमुंद 99.88 94.69
कांकेर 99.77 95.24
सक्ती 99.80 95.61
बस्तर 99.99 95.69
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 100 95.99
सुकमा 100 95.99
बालोद 99.79 96.29
खैरागढ़ 99.91 96.82
बेमेतरा 99.97 97.27
सूरजपुर 99.96 97.41
सारंगढ़-बिलाईगढ़ 99.88 97.42
रायगढ़ 99.86 97.74
कोरिया 100 99.20
मुंगेली 99.99 99.39
गरियाबंद 99.93 99.85
कुल 99.80 92.67



















