पटना। बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक नितिन नवीन के रूप में भाजपा को पहली बार युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा। इसकी औपचारिक घोषणा मंगलवार को होगी। इसके साथ ही बिहार से कोई नेता पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर पहुंचेगा।
45 साल के नितिन नवीन का राजनीति कॅरियर 20 वर्षों का रहा है। भले ही उन्होंने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को कम उम्र में संभाला, लेकिन आगे की राह उन्होंने अपनी मेहनत के बल पर बनाई। उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम से भाजपा के विधायक रहे थे। विधायक रहते उनका निधन 2005 में हो गया था। तब नितिन नवीन की उम्र सिर्फ 25 साल थी। वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। 2006 में अपने पिता के निधन से खाली हुई सीट पर हुए उपचुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी के रूप में उतरे और सफल रहे। दो दशक के राजनीतिक कॅरियर में उन्होंने विधायक, मंत्री और संगठन के विभिन्न दायित्वों को पूरा करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया। इस दौरान हर विधानसभा चुनाव में वह भारी अंतर से जीते। मृदुभाषी, संगठनकर्ता, विनम्र और निर्णय लेने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान है। युवा कार्यकर्ताओं के बीच वह लोकप्रिय रहे हैं। पिछले 14 वर्षों से पटना में श्रीश्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के माध्यम से भव्य रामनवमी का आयोजन करते रहे हैं।
2021 में पहली बार मंत्री बने
वर्ष 2021 में पहली बार उन्हें मंत्री बनाया गया। इन्हें पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2024 में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री बने। 2025 चुनाव के बाद फिर इन्हें पथ निर्माण मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। वह वर्ष 2008 में भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य रहे। वर्ष 2010 से 2013 तक भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रहे। 2016 से 2019 बिहार भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रभी हे। नितिन नवीन की माता का नाम स्व. मीरा सिन्हा है। पत्नी दीपमाला हैं। इनके दो बच्चे हैं। बेटा का नाम नैतिक है, जो कक्षा दो का छात्र है। बेटी नित्या उससे छोटी है।
सम्राट बोले- पार्टी को युवा नेतृत्व पर भरोसा
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नीतीन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। श्री चौधरी ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भाजपा में ‘नवीन युग’ की शुरुआत है। सम्राट चौधरी ने जारी बयान में कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा ने युवा चेहरे को संगठन की कमान सौंपकर स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी को युवा नेतृत्व की क्षमता और ऊर्जा पर पूरा भरोसा है। बिहार के लाल को मिली यह जिम्मेदारी पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। युवा, विनम्र और सर्वप्रिय नेता के रूप में नितीन नवीन पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा देंगे।
नितिन के रूप में भाजपा में नए युग की शुरुआत
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए किये गये नामांकन के बाद बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने इसे भाजपा में नए युग की शुरुआत बताया है। संजय सरावगी ने जारी बयान में कहा कि आज का दिन पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करने वाली पार्टी है। पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का आज नामांकन हुआ और मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। यह संगठन के लिए गर्व का पल होगा।
पैतृक गांव में आज जश्न की तैयारी
रजौली। नितिन नवीन का निर्विरोध नामांकन होने के साथ ही उनके स्थायी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की सूचना ने नवादा जिले में उत्सव का संचार कर दिया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मंगलवार को नितिन नवीन के पैतृक गांव रजौली प्रखंड के अमावां में भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जहां हिसुआ विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता और ग्रामीण मिलकर फूलों और अबीर की होली खेलेंगे। सोमवार को तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विधायक अनिल सिंह ने देवी स्थान में मत्था टेककर नितिन नवीन के यशस्वी कार्यकाल की कामना की।
बिहार से भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं नितिन
पटना। नितिन नवीन के रूप में बिहार से कोई नेता पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर पहुंचेगा। 45 साल के नितिन नवीन का राजनीति कॅरियर 20 वर्षों का रहा है। भले ही उन्होंने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को कम उम्र में संभाला, लेकिन आगे की राह उन्होंने अपनी मेहनत के बल पर बनाई। उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम से भाजपा के विधायक रहे थे। विधायक रहते उनका निधन 2005 में हुआ था। तब नितिन नवीन की उम्र सिर्फ 25 साल की थी और वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। 2006 में अपने पिता के निधन से खाली हुई सीट पर हुए उपचुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी के रूप में उतरे और सफल रहे। वर्ष 2021 में पहली बार उन्हें मंत्री बनाया गया। इन्हें पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2024 में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री बने।




















