ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़अपराध

रायपुर पुलिस की तैयारीः नशे में गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती बढ़ेगी… होगी सीधे जेल!

रायपुर। रायपुर ट्रैफिक पुलिस अब नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। बीते तीन महीनों में 1580 लोगों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया है, जो पूरे साल 2025 में हुई 1537 कार्रवाइयों से भी अधिक है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस अब ऐसे चालकों को जेल भेजने की दिशा में कदम उठा रही है।

पहली और दूसरी बार के लिए अलग सजा का प्रावधान

मोटर यान अधिनियम धारा 185 के तहत पहली बार नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर 6 महीने तक की कैद और/या 10 हजार रुपए जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, तीन साल के भीतर दूसरी बार पकड़े जाने पर 1 साल तक की कैद और/या 15 हजार रुपए जुर्माना लगाया जा सकता है। पुलिस अब विशेष रूप से दूसरी बार पकड़े गए चालकों के खिलाफ जेल की कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से आग्रह करेगी।

आईटीएमएस और सख्ती का दिखा असर

शहर में लागू आईटीएमएस कैमरा सिस्टम और लगातार रात में हो रही चेकिंग का असर सड़कों पर नजर आने लगा है। जनवरी से मार्च के बीच सड़क हादसों और मौतों में कमी दर्ज की गई है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला पहले ही संकेत दे चुके हैं कि नशे में वाहन चलाने से हादसे या मौत होने पर गैर इरादतन हत्या का मामला भी दर्ज किया जा सकता है।

हर दिन 4 हजार ई-चालान, हेलमेट उल्लंघन सबसे ज्यादा

कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज हुई है। हर दिन करीब 4 हजार ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। 23 जनवरी से 27 मार्च के बीच कुल 1,59,158 चालान जारी किए गए, जिनमें सबसे ज्यादा बिना हेलमेट (90,667) और रांग साइड (48,386) के मामले हैं।

ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था लागू होगी

डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल विकास कुमार के अनुसार, जल्द ही चालान राशि का भुगतान पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा। ट्रैफिक मुख्यालय में नकद भुगतान की व्यवस्था बंद करने की भी तैयारी है।

What's your reaction?

Related Posts