Raipur News: रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के बीच नगर निगम जोन 9 में स्वच्छता को लेकर सख्त कार्रवाई की गई। जोन कमिश्नर राकेश शर्मा ने वार्ड क्रमांक 7 और 8 में औचक निरीक्षण कर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों पर कुल 15 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण में कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, उपअभियंता अंकिता जनार्दन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी उमेश नामदेव, बारोन बंजारे और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 7 में कई स्थानों पर गंदगी और कचरे के ढेर पाए गए। इस पर संबंधित ठेकेदार एसएस इन्फ्राटेक सॉल्यूशन्स को नोटिस जारी कर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और दो दिन के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं, महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 8 में भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर ठेकेदार दीपक जोशी पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। उन्हें भी निर्धारित समय सीमा में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, वार्ड 7 में कार्यरत 19 सफाई कर्मचारियों के ईपीएफ और ईएसआईसी जमा नहीं करने के मामले में भी ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। जोन कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि ऑडिट आपत्तियों का निराकरण कर बैंक स्टेटमेंट सहित दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं, अन्यथा भुगतान में देरी के लिए ठेकेदार स्वयं जिम्मेदार होंगे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 को ध्यान में रखते हुए शहर में स्वच्छता को लेकर इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




















