रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आज एक साथ चार बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। क्षेत्र के लिए यह दिन विकास की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। इन परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 96 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की योजना है। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पहली सौगात दानवीर भामाशाह वार्ड, शुक्रवारी बाजार में 3.37 करोड़ रुपए की लागत से बने नए शाला भवन के रूप में मिलेगी। यह शाला भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है और विशेष रूप से उन बच्चों के लिए लाभकारी होगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। इसके बाद ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली पानी टंकी का भूमिपूजन किया जाएगा।
इसके अलावा रिंगरोड क्रमांक-2 पर दो महत्वपूर्ण ओवरपास निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन होगा. पहला ओवरपास बंगाली होटल के पास जरवाय मार्ग पर 23.89 करोड़ रुपए की लागत से और दूसरा हीरापुर चौक पर 49.40 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा.