ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

राम वन गमन पथ: 2 साल बाद भी नहीं बदली गई श्रीराम की मूर्ति, अब मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया ‘खरमास’ कनेक्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी के करीब स्थित विश्व प्रसिद्ध माता कौशल्या धाम (चंद्रखुरी) एक बार फिर सुर्खियों में है। सत्ता परिवर्तन के दो साल बीत जाने के बाद भी यहां भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची नई प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी है। इस देरी को लेकर अब सत्ता पक्ष के भीतर ही सुगबुगाहट तेज हो गई है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लिखा पत्र

वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गत 22 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इस ओर ध्यान आकर्षित कराया है। चर्चा है कि वे जल्द ही सरकार को एक ‘स्मरण पत्र’ भी भेज सकते हैं। केवल सांसद ही नहीं, बल्कि विधानसभा के विशेष सत्र (छत्तीसगढ़ विजन 2047) के दौरान कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने भी सदन में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था।

विवाद की जड़: स्वरूप और भ्रष्टाचार के आरोप

दरअसल, तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने साल 2021 में इस प्रतिमा को स्थापित किया था। उस समय विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने मूर्ति की ‘मुखमुद्रा’ और स्वरूप पर गंभीर सवाल उठाए थे। भाजपा का आरोप था कि प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार हुआ है और मूर्ति भगवान राम के वास्तविक गौरव को प्रदर्शित नहीं करती। सत्ता में आने के बाद भाजपा ने नई मूर्ति लगाने का वादा किया था, जो अब तक अधूरा है।

क्या ग्वालियर में बिक गई मूर्ति? अफवाहों का बाजार गर्म

कौशल्या धाम की इस मूर्ति को लेकर गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हैं

  • पहली चर्चा: ग्वालियर में बन रही मूर्ति को उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीद लिया है।
  • दूसरी चर्चा: भुगतान न होने के कारण मूर्तिकार ने इसे बेचने की चेतावनी दी थी।
  • तीसरी चर्चा: नई मूर्ति की ऊंचाई कम कर दी गई है।

पर्यटन मंत्री का जवाब: खरमास के बाद होगा काम

इन तमाम अटकलों के बीच छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि पुरानी मूर्ति की जगह नई मूर्ति लगाई जाएगी। ठेकेदार को पूरा भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान में खरमास चल रहा है, इसलिए शुभ कार्य रुका है। खरमास खत्म होते ही मूर्ति स्थापित कर दी जाएगी। मूर्ति की ऊंचाई में कोई कमी नहीं की गई है और इसे अलग-अलग हिस्सों में तैयार किया गया है, जिन्हें जोड़कर स्थापित किया जाएगा।

What's your reaction?

Related Posts