ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगरायपुर संभाग

मोवा ब्रिज से दलदल सिवनी तक सड़क हुई कब्जामुक्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन का डंडा एक बार फिर चला है। टीम प्रहरीअभियान के तहत आज नगर निगम जोन 9 की टीम ने मोवा ब्रिज से दलदल सिवनी मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क को पूरी तरह कब्जामुक्त कराया। इस संयुक्त कार्रवाई से मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से आम जनता को बड़ी राहत मिली है।

कलेक्टर और कमिश्नर के निर्देश पर चला बुलडोजर

जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के कड़े निर्देशों के बाद नगर निगम की उड़न दस्ता टीम ने मोवा-दलदल सिवनी मार्ग पर धावा बोला। सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। निगम अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक दुकानों के सामने सड़क घेरे हुए लगभग 13 अवैध शेड को क्रेन और बुलडोजर की मदद से ढहा दिया गया। मुख्य मार्ग पर यातायात में बाधा बन रही 20 अवैध गुमटियों को जप्त कर निगम मुख्यालय भेजा गया। कार्रवाई के बाद संकरा हो चुका मुख्य मार्ग अब चौड़ा नजर आ रहा है, जिससे व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में आसानी होगी।

निगम की संयुक्त टीम रही मुस्तैद

यह पूरी कार्रवाई जोन 9 कमिश्नर अंशुल शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित की गई। मौके पर कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैयद जोहेब, संदीप तिवारी, और उप अभियंता अतुल बंसल सहित निगम का भारी अमला मौजूद रहा।

जनता को जाम से मिलेगी मुक्ति

मोवा से दलदल सिवनी का यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है और अवैध कब्जों के कारण यहाँ आए दिन एक्सीडेंट और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। टीम प्रहरी ने साफ किया है कि शहर के मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

What's your reaction?

Related Posts