खेल और मनोरंजन जगत के गलियारों में एक बार फिर रोमांस का तड़का लग गया है। फॉर्मूला वन के दिग्गज और सात बार के विश्व विजेता रेसर लुईस हैमिल्टन एक बार फिर अपनी रफ्तार नहीं, बल्कि निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बनी हैं ग्लैमर और शोहरत की दुनिया की बड़ी हस्तियों में शुमार किम कार्दशियां। दोनों करीब एक दशक से एक दूसरे को जानते हैं पर नजदीकियों की खबरों ने अब जाकर प्रशंसकों में हलचल मचा दी है।
बताया जा रहा है कि हैमिल्टन और किम ने हाल ही में इंग्लैंड के एक बेहद आलीशान और निजी रिसॉर्ट में एक साथ समय बिताया, जहां उन्होंने पूरी गोपनीयता के साथ सुकून भरे पल साझा किए। किम कार्दशियां निजी विमान से वहां पहुंचीं, जबकि लुईस हैमिल्टन ने हेलीकॉप्टर से एंट्री की। दोनों ने एकांत में शानदार भोजन, आरामदायक स्पा और लंबी बातचीत का आनंद लिया। इस मुलाकात को बेहद गुप्त रखा गया, लेकिन कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने इसका खुलासा कर दिया जिसके बाद यह चर्चा आग की तरह फैल गई। वैसे इससे पहले भी दोनों को अलग-अलग मौकों पर साथ देखा जा चुका है। हालांकि दोनों ने अभी तक इस पर चुप्पी साधी हुई है लेकिन प्रशंसकों और मीडिया की निगाहें उनकी हर गतिविधि पर टिकी हुई हैं। लुईस अपनी पूर्व प्रेमिका गायिका निकोल शेरजिंगर से 2015 में अलग हुए थे। वहीं किम का पूर्व पति रैपर कान्ये वेस्ट से नवंबर 2022 में तलाक हुआ था।



















