Sunny Leone Raipur Protest: रायपुर. राजधानी रायपुर में अभिनेत्री सनी लियोनी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद शुरू हो गया है. बजरंग दल ने इस कार्यक्रम का खुलकर विरोध जताया है. संगठन सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपनी आपत्ति दर्ज करा रहा है.
बजरंग दल के जिला संयोजक रवि वाधवानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कार्यक्रम के आयोजकों को चेतावनी दी. उन्होंने लिखा कि रायपुर में सनी लियोनी को बुलाना ठीक नहीं है और छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह की अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
संगठन का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ हैं. बजरंग दल ने साफ कहा है कि अगर यह कार्यक्रम कराया गया तो वे इसका विरोध करेंगे.

22 फरवरी को होना है कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, 22 फरवरी को रायपुर में सनी लियोनी का एक कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर बहस तेज हो गई है.
किसी भी हालत में नहीं होने देंगे कार्यक्रम
रवि वाधवानी ने बातचीत में कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान राम की ननिहाल भूमि है और यह पवित्र जगह है. यहां इस तरह के कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी जा सकती. उनका कहना है कि पहले भी ऐसे कार्यक्रमों से प्रदेश का माहौल खराब हुआ है.
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में यह कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा. अगर जरूरत पड़ी तो संगठन सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा.



















