जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग में मंगलवार देर रात एक बड़े हिमस्खलन ने दस्तक दी। गनीमत यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बुधवार को पुष्टि की कि प्रशासन की मुस्तैदी और पूर्व चेतावनी के चलते बड़ा हादसा टल गया।
CCTV में कैद हुई घटना
अधिकारियों के अनुसार, यह हिमस्खलन मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग रिसॉर्ट में मंगलवार रात 10:12 बजे आया। सोनमर्ग के व्यापार मंडल अध्यक्ष, फुरकान शेरा ने बताया कि हिमस्खलन सोनमर्ग के ‘ट्रक यार्ड’ क्षेत्र में हुआ।
यह पूरा वाकया वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे बर्फ के एक विशाल पहाड़ ने इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। पल भर में ही सारी इमारतें सफेद चादर से ढक गईं। हिमस्खलन के कारण तेज हवाएं चलीं, जिसका असर पास के सोनमर्ग गांव तक महसूस किया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन ने पहले ही जारी की थी चेतावनी
प्रशासन ने सोमवार को ही जिले में ‘हाई डेंजर’ (अत्यधिक खतरे) वाले हिमस्खलन की चेतावनी जारी कर दी थी। अधिकारियों की इस सतर्कता के कारण लोग पहले से ही सावधान थे। पिछले 24 घंटों में सोनमर्ग और घाटी के अन्य हिस्सों में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई है।
हवाई और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित
भारी बर्फबारी के कारण कश्मीर घाटी का संपर्क शेष देश से लगभग कट सा गया है। श्रीनगर हवाई अड्डे पर रनवे पर बर्फ जमा होने और खराब दृश्यता के कारण मंगलवार को सभी 58 निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें 29 आगमन और 29 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल थीं, जिससे सैकड़ों पर्यटक हवाई अड्डे पर ही फंस गए।
काजीगुंड और बनिहाल के बीच बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। फिलहाल वहां बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। बनिहाल और बडगाम के बीच ट्रेन सेवाएं भी बाधित रहीं। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि पटरियों को साफ करने के बाद कुछ घंटों में परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया।
पर्यटकों के लिए ‘विंटर वंडरलैंड’ बने पहाड़ी इलाके
जहां एक ओर बर्फबारी ने जनजीवन को कठिन बना दिया है, वहीं पर्यटकों के लिए यह किसी जन्नत से कम नहीं है। सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम जैसे ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे ये पर्यटन स्थल सफेद चादर में लिपटकर बेहद खूबसूरत नजर आ रहे हैं। श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है।



















