ब्रेकिंग खबरें

ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

अयोध्या में कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराकर सर्च ऑपरेशन जारी

अयोध्या में शुक्रवार को कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दोपहर करीब पौने एक बजे बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा दिया गया। बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की टीम के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सभी अदालत कक्षों को खाली कराते हुए अधिवक्ताओं के बस्तों और परिसर में मौजूद सामान की जांच की गई। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु या अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। कचहरी परिसर स्थित एक फोटोस्टेट की दुकान के पास मिले लावारिस झोले की भी जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और तलाशी अभियान जारी है।

वाराणसी-इलाहाबाद कचहरी को भी उड़ाने की मिली धमकी

अयोध्या के अलावा वाराणसी कचहरी, इलाहाबाद हाईकोर्ट और प्रदेश के कई जिलों के न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने सिलसिलेवार 18 धमाके करने की बात कही थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और आनन-फानन में कचहरी परिसर को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

वाराणसी में सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) प्रमोद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। कचहरी परिसर को तत्काल खाली कराया जा रहा है तथा सभी अधिवक्ताओं को घर लौटने की अपील की जा रही है। इस मामले में सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विवेक शंकर तिवारी ने बताया कि जिला जज संजीव शुक्ला के ई-मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। जिला जज स्वयं फोर्स के साथ परिसर को खाली कराया। अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। कचहरी में आने-जाने वालों की गहन जांच की जा रही है।

लावारिस अटैची मिलने से बढ़ी सनसनी

इसी दौरान एक लावारिस अटैची मिलने से सनसनी और बढ़ गई। बम डिस्पोजल दस्ते की टीम उसकी जांच में जुटी है। कचहरी के साथ ही कलक्ट्रेट के सभी कार्यालय और रजिस्ट्री दफ्तर भी खाली कराया जा रहा है।

लखनऊ कोर्ट को भी मिली धमकी

लखनऊ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सभी धमकी का ईमेल सरकारी मेल पर आया। इसका पता लगते ही हड़कंप मच गया। फिलहाल कोर्ट परिसर को पुलिस ने खाली करा दिया है।कोर्ट की कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया गया है।

तमिलनाडु से मिला है धमकी भरा मेल

पुलिस सूत्रों की मानें तो ये धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु के सुनिया डायस नाम के शख्स द्वारा भेजा गया है। ईमेल में कुछ चौकाने वाले दावे भी किये गए हैं। कहा गया है कि तमिलनाडु सरकार 2021 तक मीडिया को खत्म करना चाहती थी और इसके लिए वह बड़े पत्रकारों को हायर कर अपने पक्ष में इस्तेमाल कर रही है।

दिल्ली के स्कूलों को भी मिली धमकी

यूपी में कचहरियों के अलावा दिल्ली के कम से कम तीन स्कूल को भी शुक्रवार सुबह बम की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। जिसके बाद अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मध्य दिल्ली के झंडेवालान स्थित बीटी तमिल स्कूल ने सुबह करीब 9.12 बजे डीएफएस को धमकी मिलने की सूचना दी।

What's your reaction?

Related Posts