मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने हाल ही में पॉडकास्ट ‘Be A Man, Yaar!’ में अपनी नन्ही बेटी लारा की एक गंभीर लेकिन इलाज योग्य स्वास्थ्य समस्या का भावुक खुलासा किया है। उनकी बेटी लारा (जिनका जन्म 3 जून 2024 को हुआ था) को करीब डेढ़ साल की उम्र में डेवलपमेंटल डिस्प्लेजिया ऑफ द हिप (DDH) नाम की स्थिति का पता चला। इस बीमारी में हिप का जोड़ अपनी जगह से खिसक जाता है, जिससे एक पैर दूसरे से लंबा या छोटा हो जाता है और बच्चे को चलने-दौड़ने में दिक्कत होती है। वरुण ने बताया कि इससे चलने में ऊपर-नीचे या तिरछा नजर आता है और आगे चलकर आर्थराइटिस या स्लिप डिस्क जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
वरुण ने कहा, “मेरी बेटी को DDH है, जिसमें हिप का जोड़ अपनी जगह से खिसक जाता है। एक पैर लंबा और एक छोटा हो जाता है, जिसकी वजह से चलने में ऊपर-नीचे नजर आता है। ऐसे में आप ठीक से चल या दौड़ नहीं सकते।”
मुश्किल दौर और इलाज
डीडीएच का पता चलने के बाद लारा को सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी। डॉक्टरों ने एक प्रक्रिया से हिप को वापस अपनी जगह पर लाया, लेकिन इसके बाद उसे स्पाइका कास्ट (एक खास ऑर्थोपेडिक प्लास्टर) में ढाई महीने तक रहना पड़ा। वरुण ने इसे बेहद चुनौतीपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “उसे बेहोश किया गया और जब होश आया तो वह कास्ट में ही थी। यह बहुत मुश्किल था। अब कास्ट निकल चुकी है और वह रिकवर कर रही है।”
वरुण ने भारत में इस बीमारी के शुरुआती निदान की कमी पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि पश्चिमी देशों में जन्म के समय ही इसका अच्छा इलाज उपलब्ध होता है, जबकि भारत में हर जगह इतनी सुविधाएं नहीं हैं, हालांकि यहां भी कई बेहतरीन डॉक्टर इसकी देखभाल करते हैं। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों की हर छोटी-बड़ी एक्टिविटी और मूवमेंट पर खास ध्यान दें और किसी भी असामान्य बात पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
किताब लिखने का फैसला
इस पूरे अनुभव को साझा करते हुए वरुण धवन ने कहा कि वे इस पर एक किताब लिखना चाहते हैं। उनका मकसद दूसरों माता-पिता को जागरूक करना और इस स्थिति से निपटने में मदद करना है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें सहानुभूति नहीं चाहिए, बल्कि इस बात से जागरूकता फैलानी है कि समय पर निदान से DDH को ठीक किया जा सकता है। अब लारा धीरे-धीरे ठीक हो रही है और अपनी सामान्य गतिविधियों की ओर लौट रही है। वरुण और उनकी पत्नी नताशा दलाल इस मुश्किल दौर से गुजरकर मजबूत हुए हैं।



















