छत्तीसगढ़ में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 पर लोगों की समस्याओं की बाढ़ आ गई है. हेल्पलाइन शुरू होने के महज 5 दिनों के भीतर 15 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं. यह आंकड़ा प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की गंभीरता को दर्शाता है. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायतों की संख्या में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। पिछले 5 दिनों में कुल 15,434 आवेदन दर्ज किए गए हैं, जिससे सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है। प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक मामले जमीन, पानी और बिजली से जुड़े मुद्दों के हैं। नागरिकों ने बुनियादी सुविधाओं में खामियों, आपूर्ति बाधाओं और प्रशासनिक देरी को लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराई हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा भी की जा रही है ताकि समाधान की गति को तेज किया जा सके।
CM Helpline नंबर पर आई शिकायतों की बाढ़
9 जून को शुरू हुई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर 13 जून तक कुल 15,434 शिकायतें दर्ज की गई हैं. इनमें सबसे अधिक शिकायतें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित हैं, जिनकी संख्या 2,470 है. वहीं नगरीय प्रशासन विभाग से जुड़ी 2,058 शिकायतें दर्ज हुई हैं. ऊर्जा विभाग से संबंधित 1,921 मामलों की शिकायतें हेल्पलाइन पर पहुंची हैं, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े 1,509 और खाद्य विभाग से संबंधित 1,235 मामले दर्ज किए गए हैं.
हेल्पलाइन पर आने वाली अधिकांश शिकायतें नामांतरण, सीमांकन, सड़क निर्माण, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, बिजली आपूर्ति और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं. आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के नागरिक अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा ले रहे हैं.


















