ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीय

2027 विधानसभा चुनाव: यूपी समेत 7 राज्यों पर भाजपा का फोकस, सोशल मीडिया और AI से तैयार होंगे ‘डिजिटल योद्धा’

नई दिल्ली। वर्ष 2027 में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी रणनीति को डिजिटल मोर्चे पर और मजबूत करना शुरू कर दिया है। पार्टी उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा और मणिपुर में सोशल मीडिया नेटवर्क को सशक्त बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल संचार का प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दे रही है।

भाजपा का मानना है कि वर्तमान दौर में चुनावी मुकाबला केवल जमीनी स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म भी जनमत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसी रणनीति के तहत संगठन चुनावी राज्यों में तकनीकी रूप से दक्ष कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष कर रहे चुनावी राज्यों का दौरा

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं। संगठन के निर्देश पर प्रदेश, जिला, मंडल, बूथ और पन्ना प्रमुख स्तर तक सोशल मीडिया तंत्र को सक्रिय बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

AI और डिजिटल संचार का मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कंटेंट निर्माण, AI आधारित तकनीकों, तथ्य आधारित प्रचार और ऑनलाइन संवाद की रणनीतियों की जानकारी दी जा रही है। उद्देश्य ऐसा प्रशिक्षित नेटवर्क तैयार करना है, जो चुनाव प्रचार के दौरान तेजी से मतदाताओं तक पार्टी की नीतियां और संदेश पहुंचा सके।

भाजपा तैयार कर रही ‘डिजिटल योद्धा’

सूत्रों का कहना है कि भाजपा इस अभियान के जरिए देशभर में अपने डिजिटल योद्धा’ तैयार कर रही है। संगठन का मानना है कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में डिजिटल माध्यमों की भूमिका लगातार बढ़ रही है, इसलिए कार्यकर्ताओं को नई तकनीकों और डिजिटल टूल्स से लैस करना समय की जरूरत है।

पहले भी होते रहे हैं ऐसे प्रशिक्षण

भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन समय-समय पर आयोजित करता रहा है। मौजूदा अभियान भी उसी प्रक्रिया का विस्तार है, जिसे आगामी विधानसभा चुनावों की जरूरतों के अनुरूप और व्यापक बनाया जा रहा है।

What's your reaction?

Related Posts